दवा वितरण में देरी का आरोप, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा हड़कंप; सीएमओ ने दिए जांच के आदेश
बांकेगंज खीरी।स्मार्ट हलचल|विकासखंड बांकेगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की फार्मेसी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। भीषण गर्मी के बीच दवा लेने के लिए मरीज घंटों लंबी कतारों में खड़े रहे, जबकि इसी दौरान फार्मेसी के भीतर कथित तौर पर कर्मचारियों के हंसी-मजाक और बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है।वायरल वीडियो में फार्मेसी काउंटर के अंदर कई लोग आपस में बातचीत और ठहाके लगाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं बाहर मरीज अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो साझा करने वाले व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि ड्यूटी के दौरान कुछ कर्मचारी मरीजों को समय पर दवा उपलब्ध कराने के बजाय आपसी गपशप और मौज-मस्ती में व्यस्त रहते हैं, जिससे दवा वितरण की प्रक्रिया प्रभावित होती है। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से भी किए जाने की बात कही गई है।
मरीजों ने आरोप लगाया कि फार्मेसी में तैनात कुछ कर्मचारी निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं थे और कई लोगों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। साथ ही दवा वितरण में मनमानी और लापरवाही बरतने के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
बांकेगंज, कुकरा, सलेमपुर, पहाड़पुर, सैनपुर, मुंडा, खजुहा, ढाका, हजरतपुर, पहाड़नगर, जटपुरा, पूरनपुर, माहरतला और संसारपुर समेत दर्जनों गांवों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों का कहना है कि अस्पताल में पहले ही संसाधनों की कमी है, ऐसे में यदि दवा वितरण व्यवस्था भी प्रभावित होगी तो सबसे अधिक नुकसान गरीब मरीजों को उठाना पड़ेगा।
मामले पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) लखीमपुर खीरी ने कहा कि सीएचसी बांकेगंज का वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और यदि जांच में कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो के बाद अब लोगों की निगाहें स्वास्थ्य विभाग की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला सरकारी अस्पतालों में कार्य संस्कृति और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
