एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने पत्नी को सौंपा चेक, कहा— कठिन समय में परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक सुरक्षा है यह योजना
लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल|पुलिस सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने दिवंगत आरक्षी रमेशचंद्र शुक्ला के परिवार को ₹1 करोड़ की बीमा सहायता प्रदान की। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने आरक्षी की पत्नी रेनू शुक्ला को बीमा राशि का चेक सौंपकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।जानकारी के अनुसार, आरक्षी रमेशचंद्र शुक्ला थाना गोला में तैनात थे। 30 जून 2025 को सरकारी ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान 1 जुलाई 2025 को उनका निधन हो गया था। उनके निधन के बाद पुलिस सैलरी पैकेज बीमा योजना के अंतर्गत एसबीआई द्वारा ₹1 करोड़ की अनुकंपा बीमा राशि स्वीकृत की गई।
चेक वितरण के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अनेक जोखिमों का सामना करते हैं। ऐसे में पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिलने वाली बीमा सुरक्षा उनके परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक संबल प्रदान करती है और भविष्य की चुनौतियों से लड़ने का हौसला देती है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक धीरज कुमार सिंह, मुख्य शाखा प्रबंधक सौरभ पाण्डेय सहित पुलिस विभाग और बैंक के कई अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस विभाग ने इस योजना को पुलिस कर्मियों और उनके आश्रितों के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच बताते हुए कहा कि आकस्मिक परिस्थितियों में यह आर्थिक सहायता परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होती है।
