सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में सात पंचायत समितियों की होगी गिनती, जिला निर्वाचन अधिकारी ने परखी तैयारियां
अनिल कुमार खीची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।पंचायतीराज चुनाव के बाद अब शुक्रवार को जनादेश की तस्वीर साफ होगी। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय, ब्यावर में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने गुरुवार को मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।कमल राम मीना ने मतगणना कक्षों, गणना पर्यवेक्षकों एवं सहायकों की बैठक व्यवस्था, मतगणना अभिकर्ताओं के स्थान, ईवीएम स्ट्रांग रूम, प्रवेश, सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मतगणना के लिए पंचायत समिति वार अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए गए हैं। रास की मतगणना कमरा नंबर 22, जैतारण की स्टेज हॉल, रायपुर की प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 127, जवाजा की कमरा नंबर 28, नरबदखेड़ा की कमरा नंबर 29, बदनोर की कमरा नंबर 122 तथा मसूदा की कमरा नंबर 05 में होगी। इसी के साथ संबंधित जिला परिषद वार्डों की मतगणना भी की जाएगी।
सुबह 6 बजे से मिलेगा प्रवेश
मतगणना स्थल पर अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं मतगणना एजेंटों के लिए महाविद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार निर्धारित किया गया है। प्रवेश प्रक्रिया सुबह 6 बजे से शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधितों से निर्धारित समय पर पहुंचने तथा प्रवेश पास एवं अन्य दिशा-निर्देशों की पालना करने की अपील की है, ताकि मतगणना कार्य शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।