वाराणसी-छपरा रेलखंड पर चेकिंग अभियान में बिना टिकट यात्रा कर रहे 400 यात्री धराए

(शीतल निर्भीक ब्यूरो)
वाराणसी। स्मार्ट हलचल।पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में बुधवार को बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में गाजीपुर सिटी स्टेशन को आधार बनाकर वाराणसी सिटी–छपरा रेलखंड पर विशेष “बस रेड टिकट चेकिंग अभियान” चलाया गया, जिससे पूरे रेलखंड में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कई प्रमुख ट्रेनों में किलाबंदी कर सघन जांच की गई। टिकट जांच दल ने गाड़ी संख्या 15054 गोमतीनगर–छपरा एक्सप्रेस, 12561/62 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, 14015 रक्सौल–आनंद विहार टर्मिनस सद्भावना एक्सप्रेस, 11072 बलिया–लोकमान्य तिलक टर्मिनस कामायनी एक्सप्रेस सहित विभिन्न मेमू एवं सवारी गाड़ियों में यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की।
अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे यात्रियों की धरपकड़ की गई। जांच टीम ने कुल 400 यात्रियों को पकड़ा और उनसे जुर्माने के रूप में करीब 2.20 लाख रुपये रेल राजस्व के तौर पर वसूले। जुर्माना जमा कराने के बाद यात्रियों को छोड़ा गया।
इस विशेष जांच अभियान में मंडल वाणिज्य निरीक्षक गाजीपुर सिटी अभिजीत चौधरी, बनारस एवं छपरा के टिकट जांच कर्मचारी तथा रेलवे सुरक्षा बल के जवान भी शामिल रहे। आरपीएफ जवानों की मौजूदगी में अभियान को पूरी सख्ती के साथ अंजाम दिया गया।
अचानक चले इस मेगा अभियान का असर स्टेशनों पर भी देखने को मिला। टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं और कई यात्रियों ने जल्दबाजी में टिकट लेकर यात्रा करना उचित समझा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी यात्री रेलवे नियमों का पालन करें और उचित यात्रा टिकट लेकर ही सफर करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने और कार्रवाई से बचा जा सके।
जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, जिससे रेलवे को राजस्व हानि से बचाया जा सके और यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।