पोटलां में शारदीय नवरात्रि पर गूंजे जयकारे: मंदिर-देवालयों में हुई घट स्थापना, आधा दर्जन स्थानों पर जमी डांडिया की रौनक

​पोटलां। स्मार्ट हलचल|कस्बे में शारदीय नवरात्रि महोत्सव का उत्साह पूर्ण धार्मिक माहौल और पारंपरिक उल्लास के साथ आगाज हो चुका है। कस्बे के प्रमुख मंदिरों, देवरों और देवालयों में विधि-विधान के साथ घट स्थापना (कलश स्थापना) की गई एवं ज्वारे उगाए गए, जिसके बाद से ही संपूर्ण क्षेत्र माता रानी की भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है। नवरात्रि के पहले दिन पोटलां के विभिन्न स्थानीय मंदिरों और देवालयों में सुबह से ही भक्तों की का खासा उत्साह देखने को मिला। पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच घट स्थापना कर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप की आराधना की गई। कस्बे के प्रमुख चौकों और मोहल्लों में भव्य डांडिया और गरबा का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य रूप से रावला चौक, नई नगरी, गायत्री पब्लिक स्कूल, भदेसर भैरूजी मंदिर, माली मोहल्ला, और रैगर मोहल्ला सहित अनेक स्थानों पर आकर्षक पाण्डाल सजाए गए हैं, जहां रात होते ही युवाओं, महिलाओं और बच्चों द्वारा पारंपरिक पोशाक पहनकर डांडिया नृत्य किया जा रहा है। माता के जयकारों और पारंपरिक भजनों से पूरा पोटलां क्षेत्र गुंजायमान हो गया है। जगह-जगह आकर्षक विद्युत सज्जा (लाइटिंग) की गई है, जो दर्शनीय हहै नवरात्रि के इन नौ दिनों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों और युवाओं में खासा उल्लास है। विभिन्न मोहल्लों में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
​नवरंग और उल्लास से भरे इस पर्व को लेकर शांति व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि सभी श्रद्धालु हर्षोल्लास के साथ मां अम्बे की आराधना कर सकें।