गंगापुर
(दिनेश लक्षकार)
स्मार्ट हलचल|सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा के तहत रविवार को तीसरे दिन गंगापुर शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने सहाड़ा चौराहा स्थित तालाब पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।मूल रूप से बिहार निवासी एवं वर्तमान में गंगापुर में रह रहे रोहित सिंह ने बताया कि छठ पूजा के अवसर पर तालाब पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। व्रतधारियों ने फल, कंदमूल एवं विभिन्न पारंपरिक पूजा सामग्रियों के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ पूजा स्थल पर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा संपन्न की।
छठ पूजा के दौरान व्रतधारी महिलाएं एवं पुरुष कठिन व्रत रखकर सूर्य देव और छठी मैया की आराधना करते हैं। यह पर्व स्वास्थ्य, संतान की खुशहाली तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए विशेष महत्व रखता है।
पूजा स्थल पर पारंपरिक छठ गीतों एवं भजनों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर महेश माली, राजेश सिंह, विकास माली, सरोज ओझा, जज कुमार, धर्म देव, मनीष चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं परिवारजन उपस्थित रहे।सोमवार को प्रातःकाल उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा