राजगढ़ धाम पर उमड़ा 50 हज़ार श्रद्धालुओं का जनसैलाब, मुख्यमंत्री ने भेजा अभिनंदन संदेश

अनिल कुमार

ब्यावर/राजगढ़।स्मार्ट हलचल|ग्राम राजगढ़ स्थित श्री मसाणिया भैरव धाम पर गुरुपूर्णिमा महोत्सव बड़े ही धूमधाम, हर्षोल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। इस अवसर पर राजस्थान सहित हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली और महाराष्ट्र से आए 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा भैरव व माँ कालिका के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।उत्सव की शुरुआत में चम्पालाल महाराज ने मुख्य मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिसर में वृक्षारोपण किया। इसके पश्चात नौ विद्वान ब्राह्मण आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरुचरण पादुका पूजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने सर्वधर्म मनोकामनापूर्ण स्तम्भ की परिक्रमा कर विशेष चमत्कारी चिमटी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने भेजा अभिनंदन पत्र
प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुपूर्णिमा के अवसर पर चम्पालाल महाराज को अभिनंदन पत्र भेजकर राज्य की निरंतर उन्नति और खुशहाली की कामना की। यह अभिनंदन पत्र विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने श्रद्धालुओं के समक्ष पढ़कर सुनाया और महाराजश्री को भेंट किया। इस दौरान देवनानी ने कहा, “मैं पिछले 23 वर्षों से राजगढ़ धाम से जुड़ा हूँ और आज जो कुछ भी हूँ, बाबा भैरव और धाम की कृपा से हूँ।”

बिना दान-चढ़ावे की अनोखी परंपरा
संबोधित करते हुए चम्पालाल महाराज ने कहा कि सच्चा सद्गुरु वही है जो शिष्य के जीवन से अंधकार मिटाकर प्रकाश भर दे। धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि राजगढ़ धाम की यह विशेषता है कि यहाँ किसी भी प्रकार का दान, चंदा, चढ़ावा या गुप्तदान स्वीकार नहीं किया जाता।

नगाड़े की धुन पर झूमे श्रद्धालु
समारोह में प्रसिद्ध नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी की टीम और भजन गायिका ज्योति सेनी ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिस पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर नाचने लगे। आयोजन के दौरान नसीराबाद प्रशासन और पुलिस बल ने भारी जनसैलाब को नियंत्रित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए। कार्यक्रम का समापन महाआरती के साथ हुआ।