चित्तौड़गढ़: ‘मां भारती शिक्षक सदन’ का लोकार्पण, विद्यालयों में गुरुकुल भाव जगाएं शिक्षक: निंबाराम

चित्तौड़गढ़: ‘मां भारती शिक्षक सदन’ का लोकार्पण, विद्यालयों में गुरुकुल भाव जगाएं शिक्षक: निंबाराम

समाज को दिशा दर्शन देना ही शिक्षक का परम कर्तव्य: महेंद्र कपूर

चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) चित्तौड़गढ़ के नवीन जिला कार्यालय भवन ‘मां भारती शिक्षक सदन’ का भव्य लोकार्पण गुरुवार को संपन्न हुआ। परम पूजनीय गुरुजी श्री अनंतरामजी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस समारोह में राष्ट्र निर्माण और शैक्षिक उन्नयन का संकल्प लिया गया।

शिक्षक ही समाज का केंद्र बिंदु: महेंद्र कपूर

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने कहा कि प्रलय और निर्माण शिक्षक की गोद में पलते हैं। समाज को दिशा देना शिक्षक का कार्य है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “विद्यार्थी हमारा भगवान है। हमारे विद्यालय तीर्थ कैसे बनें, इसके लिए कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रयत्नशील रहना चाहिए।”

भारत माता की आराधना ही जीवन लक्ष्य हो: निंबाराम

मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय प्रचारक (RSS) निंबाराम ने कहा कि विचारधारा और कार्यपद्धति हमारी पहचान है। शासकीय विद्यालयों में गुरुकुल का भाव जगाना आज के समय की महती आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र की सेवा होना चाहिए।

इनकी रही गरिमामय उपस्थिति:
समारोह की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांत कार्यवाह शंकर लाल माली, प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा और चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या उपस्थित रहे। विधायक आक्या ने कहा कि वर्तमान विमर्श के बीच शिक्षकों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है कि वे आने वाली पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम के भाव से जोड़ें।

इस अवसर पर संगठन के जिला मंत्री कैलाश चंद्र मालू, जिला अध्यक्ष पूरण मल लौहार सहित संभाग और जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे।