महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एम.आर.आई. व सी.टी. स्कैन सुविधा को लेकर अब तक समाधान नहीं

भीलवाड़ा । महात्मा गांधी हॉस्पिटल भीलवाड़ा में आम मरीजों के लिए एम.आर.आई. एवं सी.टी. स्कैन सुविधा को पुनः सुचारू रूप से शुरू कराने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद हारून रंगरेज द्वारा 17 अप्रैल 2026 को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन लगभग तीन सप्ताह बीत जाने के बावजूद अब तक इस गंभीर समस्या का कोई समाधान नहीं निकल पाया है।

मोहम्मद हारून रंगरेज ने बताया कि महात्मा गांधी हॉस्पिटल जिले का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान व्यवस्था के तहत केवल भर्ती मरीजों का ही एम.आर.आई. एवं सी.टी. स्कैन किया जा रहा है, जिससे सामान्य मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कई मरीज ऐसे होते हैं जिन्हें पहले जांच की आवश्यकता होती है, लेकिन नियमों के कारण उन्हें अनावश्यक रूप से भर्ती करना पड़ता है। इससे अस्पताल में पहले से मौजूद बेड संकट और अधिक बढ़ रहा है। दूसरी ओर गरीब मरीज निजी जांच केंद्रों में महंगे शुल्क देकर जांच कराने को मजबूर हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

मोहम्मद हारून रंगरेज ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आमजन के हित को ध्यान में रखते हुए महात्मा गांधी हॉस्पिटल में पूर्व की भांति बिना भर्ती के भी एम.आर.आई. एवं सी.टी. स्कैन सुविधा शुरू की जाए, ताकि मरीजों को समय पर जांच एवं उपचार मिल सके।

उन्होंने कहा कि यह केवल स्वास्थ्य सुविधा का मुद्दा नहीं, बल्कि हजारों गरीब परिवारों की राहत और जीवन से जुड़ा विषय है। प्रशासन को इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

ज्ञापन की प्रतिलिपि मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. वर्षा सिंह एवं महात्मा गांधी हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ को भी पूर्व में प्रेषित की जा चुकी है।