रूपनगर में आयोजित संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और घर-घर जनसंपर्क पर रहा मुख्य जोर
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|आगामी निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जवाजा द्वारा अनवर कृषि फार्म, रूपनगर में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम गठित करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और पार्टी की जनहितकारी नीतियों को आमजन तक पहुँचाने की रणनीति पर विस्तृत मंथन हुआ।बैठक के मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर चौधरी ने कहा कि इन चुनावों में जीत की असली चाबी बूथ स्तर का मजबूत संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ पार्टी हित में जुटने का आह्वान किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए धर्म सिंह भाटी ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत हैं और शीघ्र ही बूथ समितियों का गठन पूर्ण कर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
प्रदेश संगठन महासचिव राजेश देवड़ा ने मतदाता सूची के अध्ययन और सघन जनसंपर्क पर बल दिया, वहीं खनन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष पाल पदावत ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने की बात कही। बैठक में जवाजा ब्लॉक प्रभारी राससिंह रावत, सह प्रभारी तरुण कच्छावा, RGPRS के जिलाध्यक्ष राम यादव, प्रदेश सचिव शैलेश शर्मा और नगर कांग्रेस अध्यक्ष भारत बाघमार सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और रूपनगर के ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। बैठक की जानकारी प्रवक्ता अरुण शर्मा द्वारा दी गई।
