जिला अस्पताल में चला स्वच्छता अभियान, अधिकारियों ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दिए निर्देश

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल।पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय जिला चिकित्सालय, नागौर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान अस्पताल परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर भवन की छतों एवं नालों की सफाई करवाई गई, जिससे अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने पर जोर दिया गया।
अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में कार्यरत चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में फायर फाइटिंग उपकरणों के उपयोग तथा सुरक्षा उपायों के बारे में अवगत कराया गया, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।समीक्षा में पेंशनर्स के आरजीएचएस पर्ची व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने पर भी चर्चा की गई। तकनीकी कारणों से लंबित प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। नई गाइडलाइन के अनुरूप व्यवस्था शुरू होते ही पेंशनर्स को काउंटर से आरजीएचएस पर्चियां उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिससे उन्हें राहत मिलेगी। अस्पताल में बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए विद्युत भार बढ़ाने तथा आरएसआरडीसी कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त हुई विद्युत केबल को बदलने की प्रक्रिया को भी गति देने के निर्देश दिए गए। संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग के विद्युत खंड द्वारा आवश्यक कार्य संपादित किए जाएंगे।साथ ही मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए चिकित्सकों एवं स्टाफ को पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने, रिकॉर्ड का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने तथा अस्पताल की आय और सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किये गए।