मेड़ता रोड में ओवरब्रिज निर्माण स्थल बना जलभराव का जाल,आमजन परेशान

एजाज़ अहमद उस्मानी।

स्मार्ट हलचल।मेड़ता रोड में रेलवे गेट नंबर 101 के पास ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते छोड़े गए राष्ट्रीय राजमार्ग हिस्से पर जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। पीडब्लूडी और नगर पालिका की लापरवाही के कारण यहां सड़क पर लंबे समय से पानी भरा रहने से आमजन, वाहन चालक और आसपास के व्यापारी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप से आगे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के कारण सड़क का निर्माण पूरा नहीं किया गया है, जिससे जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से स्थिति और भी खराब हो गई है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद कभी-कभी पीडब्लूडी और ठेकेदार द्वारा मिट्टी डाली जाती है, लेकिन वह भी कुछ ही समय में बहकर फिर से गड्ढे खुल जाते हैं। क्षेत्र में नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाता और पूरा पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। इससे आए दिन वाहन फंसने की घटनाएं हो रही हैं और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदा और बरसाती पानी सड़क पर जमा रहने से न सिर्फ आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि दुकानदारों और आसपास रहने वाले परिवारों का जीवन भी प्रभावित हो रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द उचित जल निकासी व्यवस्था और सड़क मरम्मत कार्य पूरा कराने की मांग की है, ताकि आमजन को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।