श्रमदान कर वार्डवासियों को दिया स्वच्छता का संदेश
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|शहर के शास्त्री नगर स्थित वार्ड संख्या 42 में स्वच्छता को लेकर जनप्रतिनिधि की सक्रियता की मिसाल देखने को मिली। वार्ड पार्षद रौनक हींगड़ ने केवल सफाई व्यवस्था का जायजा लेने और निर्देश देने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि स्वयं मैदान में उतरकर सफाई अभियान में श्रमदान किया। उन्होंने वार्ड की गलियों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कार्य कर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और जनभागीदारी निभाने का संदेश दिया।
पार्षद रौनक हींगड़ ने वार्ड की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए स्वयं सफाई कार्य में हाथ बंटाया। इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि स्वच्छता केवल नगर निगम या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी इसमें बराबर का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जब तक आमजन अपनी जिम्मेदारी समझकर स्वच्छता अभियान से नहीं जुड़ेंगे, तब तक स्वच्छ और सुंदर वार्ड की परिकल्पना साकार नहीं हो सकती।
पार्षद को स्वयं सफाई करते देख स्थानीय लोगों में भी उत्साह नजर आया। उनकी पहल से प्रेरित होकर युवा और अन्य वार्डवासी भी अभियान में शामिल हुए तथा सफाई कार्य में सहयोग किया। स्थानीय नागरिकों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
रौनक हींगड़ की इस पहल ने यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि यदि खुद आगे बढ़कर उदाहरण पेश करें तो आमजन को भी सामाजिक सरोकारों से जोड़ना आसान हो जाता है। वार्ड 42 में शुरू हुई यह पहल शहर के अन्य वार्डों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है।