राष्ट्रीय जूडो में दीपांशी ने जीता रजत पदक, पुर की बेटी ने बढ़ाया भीलवाड़ा का मान

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|दिल्ली में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता (एसजीएफआई) में भीलवाड़ा की होनहार जूडो खिलाड़ी दीपांशी खोईवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। 14 वर्षीय आयु वर्ग की जूडो प्रतियोगिता के 40 किलोग्राम भार वर्ग में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए ने सिल्वर मेडल जीतकर जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
भीलवाड़ा जूडो सचिव एवं प्रशिक्षक चेतन चौबे ने बताया कि श्रीराम व्यायामशाला पुर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दीपांशी ने अपनी मेहनत, लगन और बेहतरीन खेल कौशल के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उल्लेखनीय है कि दिपांशी ने पिछले वर्ष भी राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण साबित किया है।
दिपांशी की इस उपलब्धि के पीछे नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम के साथ उनके पिता यश खोईवाल तथा प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। श्रीराम व्यायामशाला पुर में कोच चेतन चौबे के सान्निध्य में बालक-बालिकाओं को जूडो का नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां खिलाड़ियों को खेल की तकनीक, शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल में निपुण बनाया जा रहा है। व्यायामशाला के खिलाड़ी लगातार राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर भीलवाड़ा पहुंचने पर खोई वाल का पुर गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने मुंह मीठा कराकर और फूलमालाओं से लादकर इस होनहार खिलाड़ी का अभिनंदन किया। गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर श्रीराम व्यायामशाला के उस्ताद गिरिराज चौबे, जूडो प्रशिक्षक जगदीश राजोरा, भगवतीलाल शर्मा, मनोज चतुर्वेदी, पुष्कर राजोरा, शिवकुमार खारोल, बाबूलाल गाडरी, देवी लाल खारोल, यशपाल खोईवाल, राजेंद्र आचार्य, अभिमन्यु चौबे सहित जूनियर एवं सीनियर जूडो खिलाड़ियों तथा गांव के गणमान्य नागरिकों ने दिपांशी का स्वागत कर उसकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।