:- यातायात सुधार एवं शांति व्यवस्था पर हुआ मंथन
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल।आगामी त्योहारों तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर सोमवार को कोटड़ी थाना परिसर में सीएलजी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा जनसहयोग से शांति व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी सुरेश डाबरिया, तहसीलदार श्रीलाल मीणा एवं थाना प्रभारी महावीर मीणा ने कहा कि कस्बे में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए भारी वाहनों की आवाजाही को बाइपास मार्ग की ओर स्थानांतरित करने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की गई है ताकि वाहनों को आबादी में आने से रोकने में कारगर होगी। इससे मुख्य बाजार एवं आबादी क्षेत्र में जाम की समस्या कम होगी तथा दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी। इस पर सदस्यों ने समर्थन करते हुए शीघ्र लागू करने का प्रस्ताव पारित किया। वही उन्होंने कहा कि आने वाले धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान सभी नागरिक आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह, संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को अवगत कराने की अपील की गई।
बैठक में उपस्थित सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। बैठक में मंदिर ट्रस्ट सदस्य चंपालाल तेली, नारायण सिंह, श्रवण सोनी, लक्ष्मी जीनगर, राजेश आचार्य, मांगू मोहम्मद, हसन मेवाती, मोहम्मद रफीक, सद्दाम हुसैन, श्याम सुन्दर शर्मा सहित अनेक सीएलजी सदस्य मौजूद रहे।
