खखरेरू/ स्मार्ट हलचल।फतेहपुर धाता विकासखंड के मुबारकपुर गेरिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की तैनाती न होने, परिसर में फैली गंदगी, उगी झाड़ियों और दो माह से खराब पड़े पेयजल नल की समस्या को लेकर हिंदू सुरक्षा परिषद और क्षेत्रीय ग्रामीणों ने शनिवार को सैकड़ों लोगों के साथ विरोध प्रदर्शन किया था। इस मामले को स्मार्ट हलचल द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से चार-पांच सफाईकर्मियों को लगाकर अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और झाड़ियों की सफाई का कार्य शुरू कराया गया। वहीं, पिछले दो माह से खराब पड़े हैंडपंप को भी ठीक कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों को पीने के पानी की सुविधा मिल सकेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से अस्पताल परिसर में गंदगी और झाड़ियों का अंबार लगा था, जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सफाई अभियान शुरू होने से परिसर की स्थिति में सुधार की उम्मीद जगी है।
हालांकि, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अब तक स्थायी अथवा अस्थायी चिकित्सक की तैनाती नहीं हो सकी है। इससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और क्षेत्रीय लोगों को उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है।
रक्षपालपुर-अझुवा मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण इस अस्पताल का महत्व और बढ़ जाता है। यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-2 से जुड़ा होने के कारण यहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही बनी रहती है और दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। ऐसे में चिकित्सक के अभाव में दुर्घटना पीड़ितों को 15 से 20 किलोमीटर दूर अन्य अस्पतालों में ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार समय पर उपचार न मिलने के कारण मरीजों की जान तक चली जाती है।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से शीघ्र चिकित्सक की तैनाती कर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु करने की मांग की है। इस मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात फार्मासिस्ट अनिल कुमार लैब टेक्नीशियन पवनेंद्र सिंह सहायक लैब टेक्नीशियन रमेश मौजूद रहे।
