निकाय चुनाव में भाजपा का ‘ट्रिपल इंजन’ दांव,
भीलवाड़ा में सीएम भजनलाल ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
भीलवाड़ा, मूलचन्द पेसवानी
नगरीय निकाय चुनाव के रण में अब मुकाबला अंतिम दौर में पहुंच चुका है। मतदान से महज कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीलवाड़ा पहुंचकर भाजपा संगठन को चुनावी जीत का मंत्र दिया और साफ संदेश दिया कि अब डबल इंजन की सरकार को निकाय चुनाव के जरिए ‘ट्रिपल इंजन’ में बदलना है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने तथा जिले की नगर निगम सहित सभी 10 नगर पालिकाओं में भाजपा की जीत के लिए पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की संगठनात्मक बैठक में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि विचार और संस्कार लेकर संगठन से जुड़ता है। राष्ट्र प्रथम की भावना से विपरीत परिस्थितियों में भी निस्वार्थ भाव से संगठन के लिए काम करना ही भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है।
‘अब डबल इंजन को ट्रिपल इंजन में बदलने की बारी’–
मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव को सीधे सरकार के कामकाज और स्थानीय सत्ता से जोड़ते हुए कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने और वर्ष 2023 में राजस्थान में भाजपा सरकार बनने के बाद देश और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। अब निकाय चुनाव के माध्यम से इसे ट्रिपल इंजन की सरकार में बदलने की बारी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों को जनता के बीच लेकर जाएं। मुख्यमंत्री का यह बयान निकाय चुनाव में भाजपा के लिए स्पष्ट राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा हैकृयानी स्थानीय निकायों में भी भाजपा को सत्ता दिलाकर विकास के लिए केंद्र, राज्य और निकाय के बीच बेहतर समन्वय का मुद्दा मतदाताओं के सामने रखना।
कार्यकर्ताओं को चेताया- ऐसा कोई काम न हो जिससे संगठन पर सवाल उठे–
बैठक में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुशासन का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पर किसी तरह का प्रश्नचिह्न नहीं लगने देना चाहिए। एक कार्यकर्ता का निर्माण बड़ी मुश्किल से होता है। उन्होंने कहा कि संगठन की नजर प्रत्येक कार्यकर्ता के काम पर है और सभी के कार्य का मूल्यांकन किया जा रहा है। पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता को भविष्य में कहीं न कहीं अवसर जरूर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी हित में काम करने और निकाय चुनाव में पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।
राजनीतिक तौर पर मुख्यमंत्री का यह संदेश टिकट वितरण और चुनावी मैदान में सक्रिय कार्यकर्ताओं के बीच अनुशासन बनाए रखने तथा बागी तेवरों को नियंत्रित करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
कांग्रेस पर निशाना, बोले- घोषणाओं से जनता को गुमराह करती रही-
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस शुरू से ही घोषणाएं कर जनता को गुमराह करती आई है, जबकि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाएं।
निकाय चुनाव के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर यह सीधा हमला भाजपा के प्रचार अभियान को स्थानीय मुद्दों से निकालकर भाजपा सरकारों के विकास मॉडल और कांग्रेस के शासन की तुलना की ओर ले जाने की रणनीति का संकेत माना जा रहा है।
जल परियोजनाओं को बनाया चुनावी मुद्दा-
मुख्यमंत्री ने राजस्थान में जल क्षेत्र में हुए कार्यों को भी प्रमुखता से गिनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में जल के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। ईआरसीपी, यमुना जल समझौता और ब्राह्मणी नदी योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल के क्षेत्र में बड़े बदलाव की दिशा में काम हुआ है। उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान को मिले जनसमर्थन का भी उल्लेख किया और कहा कि ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जहां ऐतिहासिक कार्य नहीं हुए हों।
भीलवाड़ा के लिए 7 हजार करोड़ के विकास कार्यों का दावा-
मुख्यमंत्री ने भीलवाड़ा जिले के विकास कार्यों को भी चुनावी प्रचार का हिस्सा बनाया। उन्होंने कहा कि जिले के सातों विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों के लिए सरकार से जितना मांगा, उससे ज्यादा देने का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले ढाई साल में भीलवाड़ा जिले में करीब 7 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य किए जा चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन विकास कार्यों को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा- विधानसभा और लोकसभा की तरह निकायों में भी जीत-
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों और पदाधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने जिला संगठन की गतिविधियों और प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विश्वास जताया कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों की तरह निकाय चुनाव में भी भाजपा भीलवाड़ा जिले में कांग्रेस को शिकस्त देगी। सांसद दामोदर अग्रवाल ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का आभार जताया और कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में जीत के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, संभाग चुनाव सह प्रभारी लालचंद कटारिया, जिला संगठन प्रभारी संजय जैन, सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट, नगर निगम प्रभारी वीरम देव सिंह, विधायक अशोक कोठारी, गोपीचंद मीणा, उदयलाल भड़ाना, लालाराम बैरवा, गोपाल खंडेलवाल, जब्बरसिंह सांखला, लादूलाल पीतलिया, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया और पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी सहित भाजपा के प्रमुख नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
अब अंतिम चार दिन में बूथ तक पहुंचेगा ‘ट्रिपल इंजन’ का संदेश-
मुख्यमंत्री के दौरे ने निकाय चुनाव के अंतिम चरण में भाजपा संगठन को नई ऊर्जा देने का काम किया है। अब पार्टी का फोकस प्रत्याशी से ज्यादा संगठन, बूथ प्रबंधन और सरकार की उपलब्धियों को मतदाता तक पहुंचाने पर दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को जिस तरह ‘डबल इंजन से ट्रिपल इंजन’ का नारा दिया है, वह आने वाले दिनों में भाजपा के चुनाव प्रचार का प्रमुख राजनीतिक संदेश बन सकता है। अब असली परीक्षा मतदान के दिन होगी कि मुख्यमंत्री का यह चुनावी मंत्र और भाजपा का ट्रिपल इंजन का नैरेटिव भीलवाड़ा के मतदाताओं को कितना प्रभावित करता है।
