मोबाइल कॉल डिटेल और सोशल मीडिया के जरिए पुलिस ने लगाया सुराग
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|पुलिस थाना बदनोर में दर्ज प्रकरण में करीब चार साल से लापता नाबालिग बालिका को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से दस्तयाब कर लिया। जिला पुलिस अधीक्षक व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी मसूदा के सुपरविजन में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार 1 मार्च 2023 को बालिका के बिना बताए घर से चले जाने पर प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी। अनुसंधान में सामने आया कि बालिका कक्षा 12वीं में अध्ययनरत थी और आगे पढ़ाई जारी रखना चाहती थी। परिजन उसकी शादी करना चाहते थे। इसी बात को लेकर विवाद के बाद वह घर से निकलकर पुणे चली गई और वहां परिचित की मदद से अस्पताल में काम करने लगी।
बालिका ने घर से निकलते समय मोबाइल नंबर बंद कर लिए थे। पुलिस ने उसके पुराने मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल का विश्लेषण करने के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म और तकनीकी संसाधनों की मदद से लगातार तलाश की। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने बालिका को पुणे से दस्तयाब कर लिया। प्रकरण में अनुसंधान जारी है।
