बीसलपुर बांध से सीएम भजनलाल शर्मा ने पूजा अर्चना कर शुरू किया “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान”

सीएम ने बीसलपुर बांध का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश,स्काडा सिस्टम का लिया जायजा,

गलवा बांध और इसरदा कोपर डैम का किया हवाई सर्वेक्षण

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल।राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को हेलीकॉप्टर से बीसलपुर बांध पहुंचे, जहां उन्होंने बीसलपुर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने बीसलपुर बांध से औपचारिक रूप से पूजा-अर्चना कर “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” की शुरुआत की तथा बांध में पुष्प अर्पित कर नमन किया। यह अभियान आगामी 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक प्रदेशभर में चलाया जाएगा।
अभियान के तहत पारंपरिक जल स्रोतों जैसे कुएं, बावड़ियां, तालाब और नदियों की साफ-सफाई कर जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा दशमी के पावन अवसर पर मां गंगा मैया का अवतरण हुआ था, इसलिए यह दिन जल संरक्षण के संकल्प के लिए विशेष महत्व रखता है। मुख्यमंत्री ने बीसलपुर बांध का निरीक्षण कर वर्तमान जल स्थिति एवं प्रदेश की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी के मौसम में आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान उन्होंने बांध पर स्थापित स्काडा सिस्टम का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से तकनीकी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री के साथ जलदाय विभाग के कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, देवली-उनियारा विधायक राजेन्द्र गुर्जर, निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, पूर्व प्रधान शीला राजकुमार मीणा, भाजपा जिला महामंत्री डॉ. प्रभू बाडोलिया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बीसलपुर बांध दौरे के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से उनियारा उपखंड क्षेत्र स्थित गलवा बांध तथा बनेठा के पास बनास नदी पर निर्माणाधीन इसरदा कोपर डैम के हवाई सर्वेक्षण के लिए रवाना हुए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति, जल भंडारण क्षमता और तकनीकी कार्यों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रदेश की जल संसाधन एवं पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।दौरे के बाद मुख्यमंत्री अपने गृह जिले भरतपुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान जयपुर शासन सचिवालय से जलदाय विभाग के अधिकारी, जिला कलेक्टर टीना डाबी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सोकरिया, विनोद कुमार मीणा, बीसलपुर एडीएम भूपेंद्र यादव सहित एसडीएम, तहसीलदार, विकास अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।