चांग गेट चौकी के पास आचार संहिता को ठेंगा! दीवार पर अब भी प्रचार सामग्री, प्रशासन की निगरानी पर सवाल

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में आचार संहिता लागू है और प्रशासन की ओर से इसकी सख्ती से पालना के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन ब्यावर के प्रमुख चांग गेट क्षेत्र में इन दावों की हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। पुलिस चौकी से सटी दीवार पर आज भी प्रचार सामग्री दिखाई दे रही है, जो चुनावी आचार संहिता की पालना को लेकर प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर रही है।

चांग गेट शहर का प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र है। यहां पुलिस चौकी के ठीक पास दीवार पर प्रचार सामग्री का लगा होना अपने आप में गंभीर सवाल खड़ा करता है। चुनाव की घोषणा के साथ ही सार्वजनिक स्थानों, सरकारी परिसरों एवं अन्य स्थानों से चुनाव संबंधी प्रचार सामग्री हटाने की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की है। इसके बावजूद यह सामग्री अब तक नजर आना कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

पुलिस चौकी के सामने ही नहीं पड़ी नजर?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस स्थान पर पुलिस चौकी स्थित है और जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है, वहां लगी प्रचार सामग्री जिम्मेदार अधिकारियों की नजर से कैसे बची रही। शहर में आचार संहिता की पालना को लेकर लगातार निगरानी का दावा किया जा रहा है, लेकिन चांग गेट की यह तस्वीर जमीनी हकीकत सामने ला रही है।

कार्रवाई का इंतजार

अब देखने वाली बात यह है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रचार सामग्री हटाने के साथ जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करता है या फिर आचार संहिता के उल्लंघन का यह मामला भी कागजी कार्रवाई तक सीमित रह जाता है। चुनावी माहौल में प्रशासन के लिए आचार संहिता की निष्पक्ष और प्रभावी पालना सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती है।