चिकित्सक के नदारद रहने, औषधालय बंद मिलने और गलत झंडारोहण की शिकायत पर पहुंचे उपनिदेशक
संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी।स्मार्ट हलचल|कस्बे में स्थित राजकीय आयुर्वेद औषधालय के चिकित्सक के नदारद रहने, औषधालय के अक्सर बंद मिलने तथा स्वतंत्रता दिवस पर गलत तरीके से झंडारोहण किए जाने की शिकायतों के बाद मंगलवार को आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों ने औषधालय पहुंचकर जांच की। विभागीय टीम को जांच के दौरान कुछ अनियमितताएं भी सामने आईं, जिनकी विस्तृत जांच के बाद आवश्यक विभागीय कार्रवाई की बात कही गई है।
जांच के लिए पहुंचे आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक वीरेंद्र सोहाया ने बताया कि कस्बे के आयुर्वेद औषधालय में नियमित रूप से ताला नहीं खुलने तथा वहां कार्यरत वैद्य हरिसिंह मीणा के आए दिन नदारद रहने की शिकायत विभाग को मिली थी। इसके अलावा 15 अगस्त को गलत तरीके से ध्वजारोहण किए जाने की शिकायत भी सामने आई थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपनिदेशक वीरेंद्र सोहाया मंगलवार को सहायक निदेशक कमलेश कंवरिया के साथ औषधालय पहुंचे और मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं एवं शिकायतों से जुड़े बिंदुओं की जांच की। इस दौरान ग्रामीणों के बयान भी लिए गए तथा औषधालय की कार्यप्रणाली से संबंधित जानकारी जुटाई गई। अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं को भी जांच में शामिल किया गया है। उपनिदेशक ने कहा कि पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।विभागीय अधिकारियों के औषधालय पहुंचने से ग्रामीणों में भी उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही शिकायतों का अब समाधान होगा और औषधालय की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।
