प्रभारी सचिव ने जनसुनवाई में सुनी परिवेदनाएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

भवानीमंडी उपखंड में जनसुनवाई के साथ विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण

रणवीर सिंह चौहान

स्मार्ट हलचल / भवानी मंडी|राज्य सरकार द्वारा आमजन की परिवेदनाओं के प्रभावी निस्तारण हेतु संचालित त्रिस्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को उपखंड भवानीमंडी में पंचायत समिति सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता जिले के प्रभारी सचिव व संभागीय आयुक्त, कोटा संभाग श्री अनिल कुमार अग्रवाल ने की।जनसुनवाई के दौरान प्रभारी सचिव ने आमजन की समस्याओं एवं परिवेदनाओं को गंभीरता से सुना तथा विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को राहत प्रदान करना है, इसलिए प्रत्येक परिवेदना का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई के उपरांत प्रभारी सचिव ने उपखंड क्षेत्र के विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएचसी पचपहाड़, पीएचसी घटौद, अटल सेवा केन्द्र सूलिया में संचालित डाकघर, पटवार घर, पशु चिकित्सालय तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र सूलिया का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण करने तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए।

संभागीय आयुक्त ने उपखंड कार्यालय एवं उपखंड न्यायालय का भी निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों और अभिलेख संधारण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में प्राप्त होने वाली परिवेदनाओं का निर्धारित समयावधि में निस्तारण किया जाए।

इस अवसर पर संभागीय आयुक्त ने उपखंड कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी श्रद्धा गोमे सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।