70वीं जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का समापन, छह छात्राओं का राज्य स्तर पर चयन

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|बाल मन्दिर नर्सरी एवं बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्यावर में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का समापन समारोह शनिवार को हर्षोल्लास एवं खेल भावना के साथ हुआ। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। मुख्य अतिथि जुगल किशोर मनिहार रहे। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष गिरिराज झंवर, सचिव विजय झंवर, समिति सदस्य अशोक टावरी, प्रधानाचार्या अजय रानी माहेश्वरी एवं प्रतियोगिता संयोजक ललित कुमार मौजूद रहे।प्रतियोगिता में कुल 33 टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 स्वर्ण, 36 रजत एवं 22 कांस्य पदक हासिल किए। मुख्य अतिथि जुगल किशोर मनिहार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि कराटे जैसे खेल विद्यार्थियों में आत्मरक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस एवं एकाग्रता का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समिति अध्यक्ष गिरिराज झंवर एवं सचिव विजय झंवर ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्या अजय रानी माहेश्वरी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन समिति का आभार जताया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की नेहा जेसवानी, केवंशी कुमावत, कीर्ति जांगिड़, जीविका सैनी, एकता कुमावत एवं विनिशा का राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। छह छात्राओं के राज्य स्तर पर चयन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता संयोजक ललित कुमार एवं विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका स्वाती सांखला के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संचालन में विद्यालय प्रभारी लता जैथलिया, शबनम यादव, ऋषिराज सारस्वत, रूपेश अग्रवाल सहित समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। समापन समारोह में खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना एवं निरंतर मेहनत के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।