मुस्कान, नजरों का संपर्क और सही मुद्रा से निखरता है व्यक्तित्व
बोलने से पहले ही व्यक्तित्व का परिचय दे देती है बॉडी लैंग्वेज, आत्मविश्वास की झलक जरूरी
कोटा।स्मार्ट हलचल|“व्यक्ति की शारीरिक मुद्रा उसके व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का आईना होती है। सही बॉडी पॉश्चर न केवल व्यक्तित्व को प्रभावशाली बनाता है, बल्कि संवाद को भी अधिक प्रभावी बनाता है।” यह कहना था सॉफ्ट स्किल ट्रेनर एवं कम्युनिकेशन कोच रोहिणी कोहली का। वे रोटरी क्लब पादमिनी की ओर से एमडी मिशन कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए आयोजित सही बॉडी पॉश्चर एवं शारारिक भाषा विषयक इंटरैक्टिव सत्र में विद्यार्थियों से संवाद कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि बॉडी लैंग्वेज व्यक्ति के बोलने से पहले ही उसके व्यक्तित्व के बारे में बहुत कुछ बता देती है। खड़े होने, बैठने, चलने, सामने वाले से संवाद करने और आंखों के संपर्क जैसी छोटी-छोटी बातें व्यक्ति के आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रदर्शित करती हैं।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. रश्मि दाधीच ने कहा कि बॉडी लैंग्वेज आपके बोलने से पहले ही आपके बारे में बहुत कुछ कह देती है। इसलिए शारीरिक भाषा ऐसी होनी चाहिए, जो सामने वाले के समक्ष व्यक्तित्व की आत्मविश्वासी और सकारात्मक छवि प्रस्तुत करे।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने बॉडी पॉश्चर, आंखों के संपर्क, चेहरे के भाव, बैठने और खड़े होने की सही मुद्रा तथा संवाद के दौरान शारीरिक संकेतों के महत्व को गतिविधियों के माध्यम से समझा।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. शशि अग्रवाल ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। रोटरी क्लब पादमिनी की अध्यक्ष दीप्ति राजावत एवं सचिव डॉ. प्रीति शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और व्यावहारिक कौशल को मजबूत करने के उद्देश्य से इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सोनिया लखोटिया, शिल्पा माहेश्वरी, शुभा गुप्ता, प्रीति आनंद, सुषमा बंसल एवं मोनिका नुवाल सहित क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने सत्र में सक्रिय भागीदारी करते हुए प्रभावी बॉडी पॉश्चर, बॉडी लैंग्वेज और संचार कौशल से जुड़े महत्वपूर्ण गुर सीखे।
