सभापति के शपथग्रहण समारोह का कांग्रेस ने किया बहिष्कार

 

कांग्रेस बोली—जोड़-तोड़ से बनाया बोर्ड, जनहित के मुद्दों पर निभाएंगे मजबूत विपक्ष की भूमिका

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचनगर परिषद ब्यावर के सभापति के शपथग्रहण समारोह का कांग्रेस पार्षद दल ने बहिष्कार किया। समारोह से पूर्व कांग्रेस पार्षद दल की बैठक हुई, जिसमें सभी उपस्थित पार्षदों ने सर्वसम्मति से समारोह में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया।कांग्रेस ने कहा कि 60 सदस्यीय नगर परिषद में भाजपा के 23, कांग्रेस के 20, आरएलपी के 4 तथा 13 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं। सभापति चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 35 तथा कांग्रेस प्रत्याशी कैलाश गहलोत को 25 मत मिले। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, बल्कि अतिरिक्त समर्थन जुटाकर बोर्ड बनाया गया।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस धनबल, दबाव और राजनीतिक जोड़-तोड़ के आगे नहीं झुकेगी। कांग्रेस मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाते हुए जनता से जुड़े मुद्दों को परिषद में उठाएगी।

सभापति प्रत्याशी कैलाश गहलोत ने कहा कि कांग्रेस को मिले 25 मत उसकी मजबूत उपस्थिति का प्रमाण हैं। नगर अध्यक्ष भरत बाघमार ने कहा कि कांग्रेस पार्षद दल पूरी तरह एकजुट है। वरिष्ठ पार्षद दलपतराज मेवाड़ा और घनश्याम फुलवारी ने कहा कि सड़क, सफाई, रोशनी, नालियों, पार्कों और जल निकासी जैसी समस्याओं को लेकर कांग्रेस जनता की आवाज परिषद में उठाएगी।

कांग्रेस पार्षद दल ने कहा कि शपथग्रहण समारोह का बहिष्कार संवैधानिक प्रक्रिया का विरोध नहीं, बल्कि राजनीतिक जोड़-तोड़ के प्रति लोकतांत्रिक असहमति का संदेश है। पार्षद दल ने जनहित में जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने का संकल्प जताया।