पंचायत चुनाव में 50% युवाओं को मौका देगी कांग्रेस, ‘पंचायत टास्क फोर्स’ में 39 साल से कम उम्र के युवाओं को जोड़ेगी; तलाशे जाएंगे जिताऊ चेहरे

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) एवं युवा कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में चित्तौड़ रोड स्थित होटल रेडियन्स में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें चुनावी रणनीति के साथ युवा कांग्रेस के ‘पंचायत टास्क फोर्स’ अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संगठन में धरातल पर निष्ठापूर्वक काम करने वाले सक्रिय, जिताऊ और टिकाऊ युवाओं को आगे लाने के उद्देश्य से ‘पंचायत टास्क फोर्स’ का गठन किया गया है। टास्क फोर्स जमीनी स्तर पर सक्रिय एवं मजबूत युवा कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर उनकी सूची प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी। इसके आधार पर आगामी चुनावों में युवाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की दिशा में काम किया जाएगा।

कांग्रेस नेतृत्व ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य ऐसे युवाओं को आगे लाना है, जो लंबे समय से संगठन के लिए सक्रियता से काम कर रहे हैं और अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखते हैं। टास्क फोर्स के जरिए जमीनी कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें चुनावी जिम्मेदारियों और प्रतिनिधित्व के लिए तैयार किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक सी.पी. मीणा, पूर्व मंत्री एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामलाल जाट, पूर्व मंत्री एवं जिला प्रभारी नसीम अख्तर, सह-प्रभारी कैलाश झालीवाल, विधायक प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, ओम नरानीवाल एवं नरेंद्र रेगर, प्रदेश सचिव शंकर गाडरी, अनुपम शर्मा, मुकेश वर्मा, प्रद्युम्न सिंह, महेश सोनी, आशीष चौधरी, आशीष राजस्थला, एडवोकेट ओम प्रकाश तेली, पूर्व पार्षद गोविंद गुर्जर सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं युवा पदाधिकारी मौजूद रहे।

कांग्रेस की इस पहल को आगामी निकाय एवं पंचायती राज चुनावों से पहले संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और जमीनी स्तर पर मजबूत चेहरों को तलाशने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।