ब्यावर की लाइफलाइन फाउंडेशन को राष्ट्रीय मंच पर दोहरे सम्मान

इम्पैक्ट इंडिया समिट-2026 में पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने किया सम्मानित, लक्ष्मण सामरिया व मनोज कुमार बारूपाल को मिला 100 इंस्पायरिंग इंडियंस अवार्ड

अनिल कुमार

ब्यावर/लखनऊ, 24 अगस्त।स्मार्ट हलचल|लखनऊ के उद्यान भवन में 23 अगस्त को Beyond The Third Eye News की ओर से आयोजित इम्पैक्ट इंडिया समिट-2026 में ब्यावर की लाइफलाइन पीस ग्लोबल फाउंडेशन (लाइफलाइन रक्तदाता ग्रुप) को राष्ट्रीय स्तर पर दो महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हुए। समारोह के मुख्य अतिथि प्रख्यात पल्मोनोलॉजिस्ट एवं पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद रहे।समारोह में चिकित्सा, सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान, महिला सशक्तीकरण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। आयोजक ज्योति कुमारी एवं डायरेक्टर शेखर ने बताया कि समिट का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तित्वों और संस्थाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।

इस दौरान लाइफलाइन पीस ग्लोबल फाउंडेशन को श्रेष्ठ एनजीओ सम्मान पुरस्कार-2026 प्रदान किया गया। यह सम्मान संस्था के संस्थापक लक्ष्मण सामरिया ने ग्रहण किया। वहीं संस्था के संस्थापक लक्ष्मण सामरिया एवं निदेशक महासचिव मनोज कुमार बारूपाल को उनके सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों के लिए 100 इंस्पायरिंग इंडियंस अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया।

समारोह में देशभर से आए सामाजिक संगठनों ने जनकल्याण के कार्यों में आपसी सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही सामाजिक संस्थाओं को एक मंच पर जोड़ने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को सामूहिक रूप से सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।

सम्मान रक्तमित्रों को समर्पित

संस्था के संस्थापक लक्ष्मण सामरिया ने कहा कि राष्ट्रीय सम्मान संस्था से जुड़े सभी रक्तमित्रों, सामाजिक मित्रों, रक्तवीरों-वीरांगनाओं, सहयोगियों तथा उनके माता-पिता स्वर्गीय रामलाल जी सामरिया एवं बिदामी देवी को समर्पित है। उन्होंने बताया कि संस्था को हाल ही में 15 अगस्त को जिला प्रशासन ब्यावर की ओर से भी जिला स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ था।

सामरिया ने बताया कि संस्था अब “वंदे जीवन—वंदे भारत” महामिशन को ब्लड बैंक एवं सोलर प्रोजेक्ट के माध्यम से धरातल पर उतारने की दिशा में काम करेगी। इसका उद्देश्य ब्यावर जिले सहित अन्य शहरों और गांवों में जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाना है।

राष्ट्रीय स्तर पर मिले इन सम्मानों से ब्यावर का नाम गौरवान्वित हुआ है। सम्मान मिलने पर ब्यावर के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने लक्ष्मण सामरिया, मनोज कुमार बारूपाल सहित पूरी लाइफलाइन पीस ग्लोबल फाउंडेशन टीम को बधाई दी और संस्था के नागरिक अभिनंदन के लिए आमंत्रित किया।