बी एम राठौर
न्यूज
स्मार्ट हलचल|सांगोद 12 अगस्त को आगामी पंचायतराज चुनाव को लेकर कांग्रेस ने ब्लॉक सांगोद में अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए कार्यकर्ताओं से मंथन का सिलसिला शुरू कर दिया है। इसी क्रम में अमृतकुआ मंडल की ग्राम पंचायत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच मजबूती से पहुंचने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए देहात जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि आगामी पंचायतराज चुनाव कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर हैं। कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ गांव-गांव, बूथ-बूथ पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसका कार्यकर्ता है और जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूती से मैदान में उतरता है तो कोई ताकत कांग्रेस को रोक नहीं सकती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की मजबूती और कांग्रेस की जीत के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांगोद के अध्यक्ष मिर्जा शकील अहमद ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव को कांग्रेस पूरी मजबूती और रणनीति के साथ लड़ेगी। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए गांव और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से परेशान है तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता की आवाज बनकर उनके बीच जाना होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल प्रत्याशियों का नहीं, बल्कि हर कांग्रेस कार्यकर्ता के संघर्ष और संगठन की ताकत का चुनाव है। हम पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरेंगे और कांग्रेस का परचम लहराने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।
बैठक को कार्यकारी अध्यक्ष कपिल नागर, मंडल अध्यक्ष ऋषिराज मीणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सदस्य सीताराम गुर्जर, बद्रीलाल गौचर तथा पंचायत अध्यक्ष सीताराम गुर्जर ने भी संबोधित किया और आगामी चुनाव को लेकर अपने विचार एवं सुझाव रखे।
बैठक में मुख्य रूप से रामस्वरूप मीणा, शम्भू सिंह, शिवप्रकाश बागड़ी, लखन मीणा, नंदकिशोर मीणा, भीमराज मीणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने आगामी पंचायतराज चुनाव में कांग्रेस संगठन को मजबूत करते हुए पूरी ताकत और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरने का संकल्प लिया।
