पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। महात्मा गांधी चिकित्सालय में हाल ही में कुछ दिनों के भीतर हुई प्रसूताओं की मौत के मामलों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक ने कहा कि लगातार हुई इन दुखद घटनाओं ने पूरे भीलवाड़ा जिले को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि चिकित्सीय, प्रशासनिक या प्रबंधन स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मातृ स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही अस्वीकार्य है और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होना जरूरी है।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मृतक प्रसूताओं के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता एवं न्याय दिलाने की मांग करते हुए अस्पताल की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, ऑपरेशन थियेटर की व्यवस्था और चिकित्सा संसाधनों की तत्काल समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने की बात कही। साथ ही चिकित्सकों, विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के रिक्त पद शीघ्र भरने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने की मांग भी उठाई।
कांग्रेस ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा में सार्वजनिक की जाए ताकि स्वास्थ्य व्यवस्था पर आमजन का विश्वास कायम रह सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
