भीलवाड़ा । शहर के लव गार्डन रोड पर कुछ लोगों द्वारा हाथ-ठेले लगाकर सार्वजनिक स्थल पर करीब 50 फीट से अधिक अतिक्रमण किए जाने से स्थानीय मोहल्लेवासी लंबे समय से परेशान हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार यूआईटी प्रशासन एवं उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और अतिक्रमण हटाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, अब तक पांच से अधिक बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन हर बार कार्रवाई के महज तीन से चार घंटे बाद ही अतिक्रमणकारी दोबारा उसी स्थान पर कब्जा कर लेते हैं, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यूआईटी के शक्ति सिंह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचे। इस दौरान मोहल्लेवासियों ने उनके समक्ष अपनी समस्या रखी और स्थायी समाधान की मांग की। क्षेत्रवासियों के अनुसार, शक्ति सिंह ने आश्वासन दिया कि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया जाएगा, ताकि आमजन को सड़क पर निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
