कांग्रेस ने टिकट दावेदारों का लिया वन-टू-वन फीडबैक, बोर्ड बनाने का किया दावा

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, सह-प्रभारी कैलाश झालीवाल और चुनाव समन्वयक मुकेश वर्मा ने वार्ड 1 से 70 तक के टिकट दावेदारों से वन-टू-वन फीडबैक लिया।
सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचे दावेदारों ने शक्ति प्रदर्शन किया। कई दावेदार ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यालय पहुंचे, जिससे माहौल चुनावी रंग में नजर आया।
प्रभारी नसीम अख्तर ने कहा कि जीतने की क्षमता रखने वाले मजबूत और योग्य उम्मीदवार को टिकट दिया जाएगा। टिकट किसी को भी मिले, सभी कार्यकर्ता कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने में जुटें।
दावेदारों से वार्ड की स्थिति, जनसमर्थन, संगठनात्मक सक्रियता और चुनावी तैयारियों की जानकारी ली गई। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के साथ एकजुट रहने और नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया।
बैठक से पहले कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। जिलाध्यक्ष खटीक ने कहा कि वार्ड प्रभारियों की रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और संगठन चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।