18 अगस्त को प्रियदर्शनी नगर स्थित अभ्रक फैक्ट्री के सामने हुई थी वारदात, मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार
भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल। प्रियदर्शनी नगर स्थित अभ्रक फैक्ट्री के सामने महिला को कार से कुचलकर हत्या करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद उर्फ चांद, सरफु और मोहम्मद समीर के रूप में हुई है। मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद तोसीफ उर्फ बंटी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2026 को अभ्रक फैक्ट्री के सामने लाली देवी लुहार गाय-भैंस चरा रही थीं। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर किशन लुहार से विवाद के चलते मुख्य आरोपी तोसीफ उर्फ बंटी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। पुलिस का आरोप है कि महिला लाली देवी को पीछे से कार की टक्कर मारने के बाद कार को दो-तीन बार उनके ऊपर चढ़ाया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। विभिन्न स्थानों पर दबिश देते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद तोसीफ उर्फ बंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार घटना के समय कार में मौजूद अन्य साथियों की तलाश जारी थी। इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को तीन आरोपियों साजिद उर्फ चांद, सरफु और मोहम्मद समीर को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में साजिद उर्फ चांद पुत्र मेहरूदीन मंसुरी, उम्र 31 वर्ष, निवासी सोलंकी टॉकीज के पीछे, भीलवाड़ा; सरफु पुत्र इलियास खान मेव, उम्र 37 वर्ष, निवासी शास्त्रीनगर, हुसैन कॉलोनी, भीलवाड़ा तथा मोहम्मद समीर पुत्र मोहम्मद निजामुद्दीन अंसारी, उम्र 24 वर्ष, निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, सोलंकी टॉकीज के पीछे, शास्त्रीनगर, भीलवाड़ा शामिल हैं।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर राणा आईपीएस के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य एवं पुलिस उप अधीक्षक अंजली सिंह के सुपरविजन तथा सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सहाय के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार मामले में अनुसंधान जारी है।
