दिलखुश मीना
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के सावर नगर पालिका मुख्यालय पर बुधवार को कांग्रेस देहात के तत्वावधान में स्थानीय जनसमस्याओं एवं राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया।
पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य सागर शर्मा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा की।
अजमेर देहात कांग्रेस के जिला महासचिव एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि धरना-प्रदर्शन के दौरान केकड़ी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के साथ-साथ राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
धरना-प्रदर्शन में विकास चौधरी, डॉ. रघु शर्मा, सागर शर्मा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक जनसंपर्क एवं घर-घर संपर्क अभियान भी चलाया गया है।
