रोटरी क्लब पद्मिनी ने विशेष बच्चों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान
पिकनिक नहीं, संवेदनाओं का उत्सव; रोटरी क्लब पद्मिनी ने 280 विशेष बच्चों संग बांटी खुशियां
कोटा। स्मार्ट हलचल|सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश करते हुए रोटरी क्लब पद्मिनी ने मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित संस्थान के 280 विशेष बच्चों के लिए एक यादगार पिकनिक का आयोजन कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। झालावाड़ रोड स्थित मूक-बधिर विद्यालय से बच्चों को बसों के माध्यम से थेगड़ा स्थित वाटर पार्क ले जाया गया, जहां दिनभर खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियों और जल क्रीड़ाओं के बीच बच्चों ने खुलकर आनंद लिया। पूरा परिसर उनकी खिलखिलाहट और उत्साह से गूंज उठा।
क्लब अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने कहा कि यह आयोजन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें अपनापन देने और यह एहसास कराने का प्रयास था कि वे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। क्लब सचिव डॉ. प्रीति शर्मा ने बताया कि बच्चों के लिए भोजन, मनोरंजन और सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं विशेष रूप से की गईं, ताकि वे बिना किसी संकोच के पूरे दिन का आनंद उठा सकें।
उन्होंने कहा कि कई बच्चे अपनी भावनाओं को शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाते, लेकिन उनकी चमकती आंखें, मासूम मुस्कान और उत्साह स्वयं इस पहल की सफलता की कहानी कह रहे थे। क्लब का उद्देश्य केवल एक दिन की पिकनिक आयोजित करना नहीं, बल्कि इन बच्चों को ऐसे अनमोल पल देना था, जिन्हें वे लंबे समय तक संजोकर रखें।
इस सेवा अभियान को सफल बनाने में दीप्ति राजावत, डॉ. प्रीति शर्मा, मंजू यादव, सोनिया लखोटिया, रंजना सेठी, अमिता माहेश्वरी, संगीता काबरा, सुमन साबू, सपना सोनी और ज्योति बिहानी सहित क्लब की सभी सदस्याओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि समाज में समावेश, संवेदनशीलता और सेवा ही सच्चे सामाजिक सरोकारों की पहचान हैं।
