कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट: नियमों से नहीं होगा कोई समझौता, डीजे, कांवड़ व मीट संचालकों को दिए सख्त निर्देश

 

शांतिपूर्ण और सुरक्षित कांवड़ यात्रा के लिए महक शर्मा के निर्देशन मे पुलिस-प्रशासन की अहम बैठक, ट्रैक्टर में डबल ट्रॉली व मानक से अधिक ध्वनि वाले डीजे पर रहेगा विशेष नियंत्रण

 

गोला गोकर्णनाथ खीरी।स्मार्ट हलचल|आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गोला गोकर्णनाथ कोतवाली परिसर में पुलिस-प्रशासन की ओर से डीजे संचालकों, कांवड़ संचालकों एवं मीट संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक क्षेत्राधिकारी महक शर्मा के निर्देशन में आयोजित हुई, जिसमें क्राइम इंस्पेक्टर गंगा प्रसाद यादव, अलीगंज चौकी प्रभारी महेश पाठक, जलालपुर चौकी प्रभारी अंकित सिंह सहित क्षेत्र के विभिन्न चौकी प्रभारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी संचालकों से प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों का अक्षरशः पालन करने की अपील की।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा में शामिल डीजे निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएंगे। ध्वनि की निर्धारित सीमा तथा डीजे की ऊंचाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने कांवड़ संचालकों को निर्देशित किया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में डबल ट्रॉली का प्रयोग किसी भी स्थिति में न करें तथा सभी वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं। यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्ग पर ही चलने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न होने देने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने मीट संचालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखने और प्रशासन के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस-प्रशासन ने सभी डीजे, कांवड़ एवं मीट संचालकों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में यात्रा संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धा और सुरक्षा दोनों प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं, इसलिए नियमों का पालन प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।