450 से अधिक कांग्रेसजनों ने टिकट के लिए किए आवेदन, ढोल-नगाड़ों के साथ रैली में पहुंचे दावेदार

 

किशोर चौधरी बोले- निष्ठावान और जमीनी कार्यकर्ताओं को टिकट में मिलेगी प्राथमिकता

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|आगामी नगर परिषद चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सतपुलिया स्थित फतेहपुरिया बगीची में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद चुनाव लड़ने के इच्छुक 450 से अधिक कांग्रेसजनों ने आवेदन प्रस्तुत किए। बड़ी संख्या में दावेदार ढोल-नगाड़ों के साथ रैली के रूप में बैठक स्थल पर पहुंचे और कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष किशोर चौधरी ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित, निष्ठावान, सक्रिय और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को टिकट में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जनता के बीच रहकर संगठन को मजबूत करने वाले कार्यकर्ताओं के योगदान को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि 450 से अधिक आवेदन मिलना कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन के प्रति विश्वास को दर्शाता है। टिकट वितरण संगठन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होगा और पार्टी का निर्णय सभी कार्यकर्ताओं के लिए सर्वोपरि रहेगा।

कांग्रेस नेता पारसमल जैन ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। नगर परिषद चुनाव जनहित, शहर के विकास और कांग्रेस की विचारधारा की लड़ाई है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहने तथा पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी की जीत के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

खनन प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष आशीषपाल पदावत ने कहा कि कांग्रेस का सबसे मजबूत आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं का उत्साह यह साबित करता है कि ब्यावर में कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ सक्रिय है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस आगामी नगर परिषद चुनाव में पूरी मजबूती और सुनियोजित रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। पार्टी के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले, जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने वाले तथा अपने वार्ड की समस्याओं को उठाने वाले निष्ठावान और जमीनी कार्यकर्ताओं को टिकट चयन में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने सभी आवेदकों से टिकट प्रक्रिया को संगठनात्मक भावना से स्वीकार कर कांग्रेस की जीत को सामूहिक लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।

नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भरत बाघमार ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक वार्ड में जनता के बीच रहकर संगठन को मजबूत किया है। आगामी चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी।

ब्यावर प्रभारी लाल मोहम्मद प्रधान ने कहा कि प्रत्याशी चयन में पार्टी के प्रति निष्ठा, संगठनात्मक सक्रियता, जनसेवा, वार्ड में पकड़ और जनता से सीधे जुड़ाव जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। कांग्रेस प्रत्येक वार्ड में मजबूत और जनस्वीकार्य प्रत्याशी उतारने की दिशा में कार्य करेगी।

सहप्रभारी धर्मेश रिणवा ने कहा कि बड़ी संख्या में आवेदन और कार्यकर्ताओं का उत्साह कांग्रेस संगठन की मजबूती का परिचायक है। उन्होंने चुनाव तक सभी कांग्रेसजनों से एकजुट होकर पार्टी के लिए पूरी ताकत से काम करने का आह्वान किया।

बैठक के बाद इच्छुक आवेदकों के आवेदन पत्र स्वीकार किए गए। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एडवोकेट रामस्वरूप सेवलिया ने बताया कि 450 से अधिक कांग्रेसजनों ने नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया है। प्राप्त आवेदनों और संगठनात्मक स्तर पर प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

बैठक में जवाजा ब्लॉक अध्यक्ष धर्म सिंह भाटी, पीसीसी सदस्य सहदेव सिंह रावत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश शर्मा, पूर्व सभापति डॉ. मुकेश मौर्य, सेवादल जिला अध्यक्ष विक्रम सोनी, महिला जिला अध्यक्ष इशिका जैन, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र सांखला, एससी विभाग जिला अध्यक्ष बिरदीचंद खोरवाल, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष अजमद काठात, पूर्व प्रत्याशी मनोज चौहान, पप्पू काठात, पूर्व सभापति शांति डाबला, पूर्व महिला जिला अध्यक्ष राधिका शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अशोक रांका, देवेंद्र काठात, वृत्तंजय आर्य, अनिल प्रजापति, जितेंद्र राजावत, प्रवीण बडोला सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एडवोकेट रामस्वरूप सेवलिया एवं सोहन मेवाड़ा ने बताया कि कांग्रेस संगठन ने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन, एकजुटता और समर्पण के साथ नगर परिषद चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया है।