EVM-VVPAT डेमो से समझाई मतदान प्रक्रिया, रैली व नुक्कड़ नाटक से दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश

अनिल कुमार

ब्यावर । स्मार्ट हलचल|नगर परिषद, पालिका /पंचायत आम चुनाव-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी ब्यावर के निर्देशन में जिला स्वीप टीम एवं उपखंड स्वीप टीम ब्यावर के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्यावर खास में “जागो मतदाता जागो” थीम पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव चौधरी ने जिला एवं उपखंड स्वीप टीम के सदस्यों का स्वागत कर किया। विद्यार्थियों ने अतिथियों को मतदान की राखी बांधकर लोकतंत्र के प्रति आस्था एवं मतदान के संकल्प का संदेश दिया। ईएलसी प्रभारी निशा सैनी ने स्वीप अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मतदान जागरूकता लघु नाटिका एवं गीत प्रस्तुत किए। साथ ही EVM एवं VVPAT मॉडल का प्रदर्शन, लाइव डेमो एवं मॉक पोल करवाया गया। इसमें विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने मतदान प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझा। विद्यालय में आकर्षक SVEEP सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया।

इसके बाद स्वीप टीम, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने गांव में मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान विभिन्न नारों के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम चौपाल में राजस्थानी गीत एवं नुक्कड़ नाटक के जरिए भी मतदान का संदेश दिया गया। सुनीता चौधरी ने राजस्थानी भाषा में प्रेरक गीत प्रस्तुत कर ग्रामीण मतदाताओं से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का आह्वान किया।

‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर मतदान जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर जिला स्वीप टीम के सदस्य सुनीता चौधरी, सीताराम प्रजापति, कपिल शर्मा, धीरज जैन, गोपाल शर्मा, पंकज परिहार एवं लक्ष्मीनारायण माली उपस्थित रहे। टीम सदस्यों ने विद्यालय में आयोजित जागरूकता गतिविधियों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों द्वारा किए गए नवाचारों की सराहना की।

स्वीप संदेश: “जागो मतदाता जागो—लोकतंत्र को आगे बढ़ाओ। मेरा वोट–मेरा अधिकार, एक-एक वोट का सम्मान करेंगे, शत-प्रतिशत मतदान करेंगे।”