महावीर सेन
मांडलगढ़|स्मार्ट हलचल।क्षेत्र के दोलजी खेड़ा गांव स्थित श्री श्री 1008 कल्लाजी राठौड़ धार्मिक स्थल पर चल रहे पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का बुधवार को कलश स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा के साथ भव्य समापन हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान के जयकारों से पूरा इलाका भक्ति रस में सराबोर नजर आया।
विधि-विधान से दी आहुतियां, स्थापित हुआ कलश
यज्ञाचार्य बनवारी लाल शर्मा और गुरुजी नंदलाल नाथ के पावन सानिध्य में यजमान जोड़ों ने यज्ञ वेदी पर बैठकर विधि-विधान से आहुतियां अर्पित कीं। अनुष्ठान की पूर्णाहूति के पश्चात अत्यंत भक्तिमय माहौल में कल्लाजी राठौड़ मंदिर के शिखर पर कलश स्थापना की गई। इस दौरान देवनारायण भगवान और कल्लाजी राठौड़ के जयकारों से समूचा प्रांगण गूंज उठा। उपस्थित सभी भक्तों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। समापन अवसर पर महाप्रसादी का वितरण किया गया।
सामूहिक अनुष्ठानों से बढ़ता है भाईचारा: गोपाल मालवीय
इस मौके पर उपस्थित पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से हमारी सनातन संस्कृति को मजबूती मिलती है और युवा पीढ़ी की धार्मिक परंपराओं के प्रति रुचि बढ़ती है। सामूहिक अनुष्ठानों से समाज में आपसी भाईचारा और एकता सुदृढ़ होती है।
इस पावन अवसर पर कल्लाजी राठौड़ मंदिर के पुजारी कैलाश चंद्र, उदय लाल मीणा, भोपाजी सूरजमल मीणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व श्रद्धालु मौजूद रहे।
