भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|शहर के बड़ला चौराहे के पास स्थित करबला की जमीन पर बने कॉम्प्लेक्सों के निर्माण को लेकर नगर निगम में शिकायत दर्ज कराते हुए कथित अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता राजेश सिंह सिसोदिया ने नगर निगम आयुक्त को पत्र देकर निर्माणों की वैधानिक स्थिति की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित परिसरों को सीज करने या ध्वस्त करने की कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
शिकायत में बताया गया है कि करीब 8 बीघा 4 बिस्वा जमीन पाठक परिवार के नाम पर है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस भूमि पर न तो पट्टा जारी हुआ है और न ही भू-रूपांतरण शुल्क जमा कराया गया है। इसके अलावा भूमि का उप-विभाजन और भवन मानचित्र स्वीकृत नहीं होने का भी दावा किया गया है। शिकायत में कॉम्प्लेक्सों में अग्निशमन सुरक्षा सुविधाओं और फायर एनओसी की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए गए हैं।
सिसोदिया ने आरोप लगाया कि कथित अनियमितताओं के कारण नगर निगम को राजस्व का नुकसान हुआ है। उन्होंने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर 18 अगस्त 2026 को शिकायत संख्या 082605228327597 दर्ज कराने का उल्लेख करते हुए कहा कि संबंधित मामले में जवाब दिए जाने के बावजूद आज तक निगम के समक्ष आवश्यक दस्तावेज अथवा भू-अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने का आरोप है।
शिकायत में तत्कालीन नगर निगम सभापति राकेश पाठक पर पद के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 की धारा 194 एवं 205 का उल्लेख करते हुए कथित अवैध निर्माणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
सिसोदिया ने नगर निगम आयुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निगम के राजस्व नुकसान का आकलन कर उसकी भरपाई सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होने पर संबंधित निर्माणों के खिलाफ सीज या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के आदेश जारी करने का आग्रह किया है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और नगर निगम की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।