भीलवाड़ा\स्मार्ट हलचल|आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिले के निजी अस्पतालों, क्लीनिक, लैब, फार्मेसी और सोनोग्राफी सेंटर को डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने के लिए विशेष सघन अभियान चलाया जा रहा है। 15 से 30 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में निजी डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य पेशेवरों की हेल्थकेयर प्रोफेशनल आईडी (एचपीआईडी) तथा पात्र स्वास्थ्य संस्थानों की हेल्थकेयर फैसिलिटी आईडी (एचएफआईडी) बनाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य निजी स्वास्थ्य क्षेत्र को डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ना और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाना है। इसके तहत निजी चिकित्सा संस्थानों को हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) सॉफ्टवेयर अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटल प्रबंधन को बढ़ावा मिल सके।
सीएमएचओ ने बताया कि पंजीकरण के लिए निजी डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य पेशेवरों को आधार से जुड़े मोबाइल नंबर, काउंसिल पंजीकरण प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेज तथा वर्तमान कार्यस्थल का प्रमाण साथ रखना होगा। पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान और आवश्यक मार्गदर्शन के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
डॉ. शर्मा ने जिले के सभी पात्र निजी स्वास्थ्य संस्थानों एवं स्वास्थ्य पेशेवरों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए 30 अक्टूबर तक अपना पंजीकरण पूरा कराएं, ताकि जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के नेटवर्क का विस्तार हो और निजी स्वास्थ्य क्षेत्र को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा जा सके।