भवानीमंडी: राधेश्याम मंदिर की दुकान बेचने पर गरमाया विवाद, श्रद्धालुओं ने निकाली विशाल ‘जनाक्रोश रैली’

रणवीर सिंह चौहान

देवस्थान विभाग और मंदिर प्रबंधन के खिलाफ फूटा सर्व हिंदू समाज का गुस्सा, उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
स्मार्ट हलचल/भवानीमंडी स्थानीय रेलवे स्टेशन रोड स्थित सार्वजनिक श्री राधेश्याम मंदिर ट्रस्ट की एक मूल्यवान दुकान को कम कीमत पर नीलामी प्रकरण पूरी तरह गरमा चुका है। इस विवादित सौदे के विरोध में बुधवार को भगवान श्री राधेश्याम के भक्तों और ‘सर्व हिंदू समाज मंदिर रक्षा समिति’ के बैनर तले एक विशाल ‘जन आक्रोश वाहन रैली’ निकाली गई। रैली में शामिल श्रद्धालुओं ने देवस्थान विभाग और मंदिर प्रबंधन के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया।
3 किलोमीटर लंबी रैली मैं रजिस्ट्री निरस्त करो के नारे के साथ
यह जनाक्रोश रैली पचपहाड़ रोड स्थित श्री राधेश्याम मंदिर की बगीची से प्रारंभ हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रबुद्ध नागरिक अपने दुपहिया व चार पहिया वाहनों के साथ शामिल हुए। करीब 3 किलोमीटर का सफर तय कर यह रैली शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए उपखंड कार्यालय पहुंची। रैली के दौरान आक्रोशित भक्त “दुकान की रजिस्ट्री निरस्त करो जैसे नारे लगा रहे थे।
उपखंड अधिकारी को सौंपा कलेक्टर के नाम ज्ञापन, जांच का आश्वासन
उपखंड कार्यालय पहुंचने के बाद समिति के पदाधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने उपखंड अधिकारी श्रद्धा गोमे को जिला कलेक्टर तथा आयुक्त (देवस्थान विभाग, जयपुर) के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
उपखंड अधिकारी का रुख: ज्ञापन लेने के बाद उपखंड अधिकारी श्रद्धा गोमे ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि, “मैं इस पूरे प्रकरण के संदर्भ में देवस्थान विभाग से चर्चा कर जल्द ही दस्तावेज मंगाऊंगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

मंदिर की संपत्ति कम कीमत में बेचने का आरोप ये हैं गड़बड़ी के 3 मुख्य बिंदु
सौंपे गए ज्ञापन में सर्व हिंदू समाज मंदिर रक्षा समिति ने इस पूरे सौदे में गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं:
बाजार मूल्य से बेहद कम में सौदा: आरोप है कि जिस दुकान का वास्तविक बाजार मूल्य 1 करोड़ रुपए अधिक है, उसे देवस्थान विभाग के अधिकारियों से कथित मिलीभगत कर गत 19 मई 2026 को महज 65 लाख रुपये में ही बेच दिया गया।
गुपचुप तरीके से नीलामी: दुकान में वर्तमान में किराएदार मौजूद होने के बावजूद विभाग ने बेहद गोपनीय तरीके से कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना किसी प्रमुख समाचार पत्र में विज्ञप्ति जारी किए या नगरपालिका उपखंड कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर सूचना चस्पा किए बिना ही नीलामी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
सर्वदलीय और प्रबुद्ध वर्ग का मिला समर्थन
इस आंदोलन की रूपरेखा पूर्व में 26 मई को जैन बोर्डिंग में आयोजित एक आवश्यक बैठक में तैयार की गई थी। बुधवार को रैली और ज्ञापन देने के दौरान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
समिति व ट्रस्ट प्रतिनिधि: समिति के संरक्षक डॉ. जगदीशचंद अरोड़ा, राधेश्याम मंदिर ट्रस्टी दामोदर कचोलिया।
व्यापार मंडल: भवानीमंडी व्यापार महासंघ के पूर्व अध्यक्ष राजेश नाहर व प्रीतपाल सिंह।
राजनीतिक एवं सामाजिक चेहरे: नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय आस्तोलिया, पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष कालूलाल सालेचा व प्रमोद जैन, पूर्व पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर डग विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी चेतन गहलोत, पोरवाल समाज के राजकुमार खरड़िया, ग्रेन एंड सिंड्स मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदीप सालेचा,राजेश नागर,प्रदीप शर्मा,सुमित सेठिया,नितिन मालपानी,अशीष लड्ढा ,दीपक सोनी,लक्की मारवाड़ी ,पुष्पेंद्र सिंह चौहान ,विवेक जैन (पिंटू), विकास जैन, मुकेश जैन, और दिलीप सोलंकी आदि सहित सैकड़ो मंदिर के भक्तगण शामिल थे।
श्रद्धालुओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस अवैध रजिस्ट्री को निरस्त कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई,तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा यहां यह उल्लेखनीय है कि पूर्व में राधेश्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के के राठी व अन्य सदस्यों द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित कर दुकान की नीलामी प्रक्रिया नियमन अनुसार करने की बात कही थी