खखरेरू/स्मार्ट हलचल।फतेहपुर भीषण गर्मी के बीच नगर पंचायत खखरेरू अंतर्गत रक्षपालपुर चौराहे पर पेयजल व्यवस्था न होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल रक्षपालपुर चौराहे से प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं, लेकिन यहां अब तक ठंडे पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत द्वारा कई वार्डों में वाटर कूलर लगाकर लोगों को गर्मी से राहत देने का कार्य किया गया है, लेकिन नगर पंचायत मुख्यालय से करीब 800 मीटर दूरी पर स्थित रक्षपालपुर चौराहा आज भी वाटर कूलर की सुविधा से वंचित है।
इसी चौराहे से खागा, महेवा, धाता, खखरेरू, दामपुर, कोट और कुल्ली सहित कई क्षेत्रों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। तेज धूप और भीषण गर्मी के चलते राहगीर पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर पेयजल की व्यवस्था न होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वहीं, नगर पंचायत द्वारा चंद्रशेखर आजाद नगर में वाटर कूलर स्थापित किया गया है, जो मुख्य बस्ती से लगभग 500 मीटर दूर स्थित है। ऐसे में लोगों का कहना है कि जहां बड़ी संख्या में राहगीरों की आवाजाही होती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर पानी की व्यवस्था की जानी चाहिए।
इस संबंध में नगर पंचायत खखरेरू के अधिशासी अधिकारी डॉ. हागिंद्र ने बताया कि रक्षपालपुर चौराहे पर वाटर कूलर लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले सप्ताह तक वाटर कूलर स्थापित कर दिया जाएगा।
