गंगापुर रोड पर निगम का बुलडोजर एक्शन, 100 से अधिक अतिक्रमण हटाए

( महेन्द्र नागौरी)

नाले पर कब्जों से बाधित हो रही थी सफाई, बरसात से पहले निगम ने चलाया विशेष अभियान

भीलवाड़ा| स्मार्ट हलचल।मानसून से पहले शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर निगम ने गंगापुर रोड पर बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाते हुए करीब 100 दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण हटाए और नाले की व्यापक सफाई कर पानी के प्रवाह को सुचारु बनाया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि गंगापुर तिराहे से शनि देव मंदिर तक नाले पर किए गए अतिक्रमणों के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा था और बरसात के दौरान जलभराव की आशंका बनी हुई थी। शिकायतों और निरीक्षण के बाद निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए नाले पर किए गए अतिक्रमण हटवाए तथा पूरे मार्ग पर नाले की सफाई करवाई।
बरसात से पहले निगम का सफाई अभियान तेज
आयुक्त चौधरी ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहरभर में नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उद्देश्य यह है कि बारिश के दौरान पानी का प्रवाह निर्बाध बना रहे और सड़कों तथा आवासीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी
निगम आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में किसी भी नाले, नाली अथवा सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नालों पर कब्जे न केवल सफाई व्यवस्था को प्रभावित करते हैं बल्कि बरसात में आमजन के लिए परेशानी का कारण भी बनते हैं।