प्रदेश की खुशहाली के लिए हरणी महादेव में विशेष पूजा-अर्चना आज

( महेन्द्र नागौरी)

सुबह 8 बजे होगा जिला स्तरीय मुख्य आयोजन, लोकमंगल और जनकल्याण की होगी कामना

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।प्रदेश में सुख, समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की मंगलकामना को लेकर बुधवार 10 जून को प्रातः 8 बजे श्री हरणी महादेव मंदिर में जिला स्तरीय विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं लोकमंगल की कामना की जाएगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले एवं उपखंड स्तर पर चयनित मंदिरों में एक साथ धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय पर होने वाला मुख्य कार्यक्रम हरणी महादेव मंदिर में संपन्न होगा।
प्रशासन ने नियुक्त किए नोडल अधिकारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिले के सभी उपखंड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शांति, समृद्धि और लोककल्याण की होगी प्रार्थना
आयोजन के दौरान प्रदेश में शांति, सामाजिक समरसता, विकास और जनकल्याण की कामना के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।