खखरेरू /स्मार्ट हलचल|फतेहपुर परवेजपुर चौकी क्षेत्र के ओरहा गांव के पास प्रतिबंधित प्रजाति के नीम के पेड़ों की कटान के मामले में वन विभाग ने ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग के अनुसार ओरहा गांव के किनारे स्थित दो विशालकाय नीम के पेड़ों को अवैध रूप से काटे जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कटान की पुष्टि होने पर लकड़ी को कब्जे में ले लिया।
जांच में सामने आया कि सातों धरमपुर थाना असोथर निवासी शिव प्रसाद उर्फ मूर्तिकार पुत्र फूल सिंह पर पेड़ों की कटान कराने का आरोप है। विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम 1976 की धारा 4 और 10 के तहत विभागीय मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वन क्षेत्राधिकारी विवेक शुक्ला ने बताया कि क्षेत्र में हरियाली को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ विभाग अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई कर रहा है और आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में उम्मीद जगी है कि प्रतिबंधित प्रजाति के वृक्षों की अवैध कटान पर रोक लगेगी।
