ब्लॉक लेवल प्रभारियों की बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा; कानून-व्यवस्था, आचार संहिता, ईवीएम, प्रशिक्षण और मतदाता जागरूकता पर फोकस
मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा |स्मार्ट हलचल|नगर पालिका शाहपुरा के निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार को उपखंड कार्यालय में निर्वाचन से जुड़े ब्लॉक लेवल प्रभारियों की बैठक हुई। इसमें चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए अब तक की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्वाचन विभाग और जिला निर्वाचन कार्यालय से मिले निर्देशों की पूरी पालना के साथ जिम्मेदारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बनवारी लाल सिनसिनवार ने सभी प्रकोष्ठों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़ा प्रत्येक काम समयबद्ध तरीके से पूरा हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो।
कानून-व्यवस्था फ्लैग मार्च से लेकर निगरानी तक
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक नाना लाल को दी गई है। तहसीलदार रणवीर सिंह और थाना प्रभारी लीलाधर मालवीय के सहयोग से फ्लैग मार्च और आवश्यक पुलिस व्यवस्थाएं की जाएंगी। प्रशासन का फोकस मतदान के दौरान भयमुक्त माहौल बनाए रखने पर रहेगा।
आचार संहिता पर नजर, शिकायतों का होगा निस्तारण
आदर्श आचार संहिता की पालना और शिकायतों के निस्तारण की जिम्मेदारी नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी पुरुषोत्तम पंवार को सौंपी गई है। प्राप्त शिकायतों की जांच कर उनका निस्तारण किया जाएगा। चुनाव के दौरान आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी गतिविधियों की मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
कचरा गाड़ियों से होगा मतदान का प्रचार
मतदाता जागरूकता अभियान को भी चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से मतदान के संदेश प्रसारित करवाए जाएंगे। इसके अलावा स्वीप कार्यक्रम के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महेश कुमार व्यास के माध्यम से निर्वाचक साक्षरता क्लब की गतिविधियों को बढ़ावा देकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
बूथों पर फर्स्ट एड, व्हीलचेयर और एंबुलेंस की व्यवस्था
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। चिकित्सा विभाग के डॉ. अमित गुप्ता को सभी मतदान केंद्रों पर फर्स्ट एड बॉक्स और व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। मतदान दिवस पर एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ईवीएम प्रशिक्षण पर रहेगा विशेष जोर
मतदान दलों के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी अधिशाषी अधिकारी पुरुषोत्तम पंवार और विजय सिंह नरूका को दी गई है। प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम के संचालन की जानकारी के साथ प्रायोगिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
ईवीएम की व्यवस्था की जिम्मेदारी तहसीलदार रणवीर सिंह और नायब तहसीलदार रामप्रसाद बलाई को सौंपी गई है।
कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क रहेगी सक्रिय
चुनाव संबंधी सूचनाओं के संकलन और त्वरित संप्रेषण के लिए उपखंड कार्यालय में निर्वाचन नियंत्रण कक्ष लगातार संचालित रहेगा। यहां से आवश्यक रिपोर्टिंग और सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा। मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी रहेगी।
मतगणना स्थल पर सीसीटीवी, इंटरनेट की जिम्मेदारी बीएसएनएल को
मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाएगी। मतगणना के दौरान इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है। इससे मतगणना संबंधी व्यवस्थाओं में तकनीकी सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।
लापरवाही पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी होंगे जिम्मेदार
बैठक में प्रशासन ने सभी प्रभारियों को स्पष्ट कर दिया कि चुनावी कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही, शिथिलता या उदासीनता के लिए संबंधित अधिकारी-कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। सभी प्रकोष्ठों के प्रभारियों को दैनिक प्रगति एवं समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की ओर से चुनावी तैयारियां तेज हो चुकी हैं, वहीं प्रशासन ने भी मतदान से लेकर मतगणना तक की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने में पूरी ताकत झोंक दी है। अब शाहपुरा में चुनावी सरगर्मी के साथ प्रशासनिक निगरानी भी लगातार बढ़ती दिखाई देगी।
