डिजिटल युग में छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

महिला सुरक्षा को लेकर भी दिए महत्वपूर्ण सुझाव, राज्य स्तरीय कराटे पदक विजेता छात्राओं का हुआ सम्मान

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।बाल मंदिर नर्सरी एवं बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महिला प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती राखी राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।मुख्य अतिथि राखी राठौड़ ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए डिजिटल युग में सतर्कता बरतने का आह्वान किया। उन्होंने छात्राओं को अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड एवं डिजिटल गतिविधियों को सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी छात्राओं को जागरूक किया।भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड़ ने छात्राओं को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने नियमित योग एवं अनुशासित दिनचर्या को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रतिभावान छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली कीर्ति जांगिड़ तथा कांस्य पदक विजेता नेहा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने खुशी जताई।

विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि राखी राठौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड़ एवं समाजसेवक रोहित सिंह नाथावत को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गोविन्द सिंह रौठाड़, हितेन्द्र सिंह भाटी, भरत सिंह राठौड़, मुकेश बंग, बबलू सिंह, मुकेश सिंह, विद्यालय प्रभारी लता जैथलिया, शबनम यादव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। अंत में प्रधानाचार्य ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।