पंचायतीराज चुनाव 2026 महवा में भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, 18 विभागों को सौंपी जिम्मेदारी

विधायक राजेंद्र मीणा को मिली दो अहम कमान
बूथ से लेकर सोशल मीडिया तक भाजपा का चुनावी नेटवर्क तैयार — पंचायत समिति चुनाव प्रबंधन समिति की सूची जारी

नीरज मीणा

महवा।स्मार्ट हलचल/पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर महवा विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को संगठनात्मक रूप से धार देना शुरू कर दिया है। भाजपा राजस्थान की ओर से जारी पंचायत समिति चुनाव प्रबंधन समिति (महवा) की सूची में चुनावी रणनीति और संचालन को लेकर अलग-अलग विभागों का गठन करते हुए प्रमुख एवं सह-प्रमुखों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
भाजपा की ओर से जारी सूची में संयोजक के रूप में विमल चंद जैन तथा सह-संयोजक के रूप में सत्यनारायण शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही चुनाव प्रबंधन को कई अलग-अलग हिस्सों में बांटकर संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विधायक राजेंद्र मीणा को दो बड़ी जिम्मेदारियां
पंचायतीराज चुनाव की इस चुनावी टीम में महवा विधायक राजेंद्र मीणा को महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है। सूची के अनुसार विधायक राजेंद्र मीणा को एसटी संपर्क विभाग का प्रमुख बनाया गया है। वहीं पार्टी ज्वाइनिंग विभाग की कमान भी विधायक राजेंद्र मीणा को प्रमुख के रूप में सौंपी गई है।
एसटी संपर्क विभाग में विधायक राजेंद्र मीणा के साथ अशोक मीणा को सह-प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है।
वार्ड-बूथ से लेकर वोटर लिस्ट तक फोकस
भाजपा ने चुनाव प्रबंधन में वार्ड एवं बूथ स्तर के कार्य तथा वोटर लिस्ट के लिए भी अलग विभाग बनाया है। इसकी जिम्मेदारी विजेन्द्र सांथा को प्रमुख और अशोक मीणा को सह-प्रमुख के रूप में दी गई है।
इससे साफ है कि पार्टी चुनावी तैयारियों को केवल बड़े नेताओं और सभाओं तक सीमित रखने के बजाय वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर काम कर रही है।
प्रचार और मीडिया पर भी विशेष फोकस
चुनाव प्रचार को प्रभावी बनाने के लिए भाजपा ने प्रचार सामग्री एवं साहित्य निर्माण, प्रचार सामग्री एवं साहित्य वितरण, प्रचार एवं सभाएं तथा प्रचार रथ जैसे अलग-अलग विभाग बनाए हैं।
मीडिया और सोशल मीडिया के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। मीडिया विभाग की जिम्मेदारी हितेश जैन को प्रमुख तथा दिलखुश मोहनपुर को सह-प्रमुख के रूप में दी गई है। वहीं सोशल मीडिया विभाग में हितेश जैन प्रमुख और शाहरुख हुंडला सह-प्रमुख बनाए गए हैं।
युवा, महिला और विभिन्न सामाजिक वर्गों पर नजर
भाजपा ने चुनावी रणनीति में युवा संपर्क, महिला संपर्क, ओबीसी संपर्क, एससी संपर्क और एसटी संपर्क के लिए अलग-अलग विभाग बनाकर सामाजिक स्तर पर संपर्क अभियान को महत्व दिया है।
युवा संपर्क विभाग में गणेश समलेटी को प्रमुख तथा रूप सिंह हुंडला को सह-प्रमुख बनाया गया है। महिला संपर्क की जिम्मेदारी श्रीमती राजू लता जाटव को प्रमुख और श्रीमती उर्मिला मीना को सह-प्रमुख के रूप में दी गई है।
ओबीसी संपर्क में बाबूलाल सेनी प्रमुख तथा अमर सिंह चौधरी सह-प्रमुख और एससी संपर्क में ललित कुमार बैरवा प्रमुख तथा भौरी लाल बैरवा सह-प्रमुख बनाए गए हैं।
पंचायतीराज चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा संगठनात्मक दांव
भाजपा की ओर से इतनी विस्तृत चुनाव प्रबंधन टीम गठित किए जाने से महवा विधानसभा क्षेत्र में पंचायतीराज चुनाव को लेकर संगठन की गंभीरता और तैयारियों का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अब चुनाव कार्यालय से लेकर बूथ स्तर, प्रचार से लेकर सोशल मीडिया और युवा-महिला संपर्क से लेकर पार्टी ज्वाइनिंग तक अलग-अलग मोर्चों पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
सियासी संदेश साफ—महवा में पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को चुनावी मोड में उतार दिया है। अब जिम्मेदार पदाधिकारियों के सामने इन जिम्मेदारियों को जमीन पर उतारने की चुनौती होगी।