ध्वजारोहण व पंचामृत अभिषेक से दादीधाम महोत्सव का शुभारंभ
नन्दमहोत्सव में भजनों पर झूमे श्रद्धालु, बाल कान्हा का हुआ भव्य स्वागत
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|अजमेर रोड स्थित श्री मंदिर दादीधाम में दो दिवसीय भाद्रपद अमावस्या एवं नन्द महोत्सव का शुभारंभ ध्वजारोहण और दादीजी के पंचामृत अभिषेक के साथ हुआ। दादी परिवार न्यास के कोषाध्यक्ष गणेशप्रसाद बुधिया ने बताया कि सुबह 9 बजे न्यास के वरिष्ठ उपाध्यक्ष माणक डाणी ने पूजित ध्वजा मंदिर शिखर पर चढ़ाई। इसके बाद दादीजी के चल विग्रह का पंचामृत से अभिषेक किया गया। गर्भगृह में दादीजी का सर्वांग श्रृंगार कर लहरिया वस्त्रों से आकर्षक सजावट की गई।
दोपहर 4 बजे आयोजित नन्दमहोत्सव में कृष्णदिवानी चंचल सोनी एवं शालिनी शर्मा ने गणेश वंदना के साथ भक्ति एवं बधाई गीत प्रस्तुत किए। नन्द के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की सहित विभिन्न बधाई गीतों पर श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे।
महोत्सव के दौरान बाल कान्हा रेयान अग्रवाल को मंदिर के मुख्य पुजारी पप्पू झा ने वासुदेव का स्वरूप धारण कर यशोदा मैया की गोद में सौंपा। श्रद्धालुओं ने कान्हा की नजर उतारकर लाड़ लड़ाए। इस दौरान मुद्रा, खिलौने, टॉफी एवं माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में महामंत्री केदार गर्ग, बद्रीप्रसाद गर्ग, सुशील गर्ग, सुरेश वैष्णव, चेतनप्रकाश जोशी, कुसुम डाणी, मधु डाणी, खुशबू सिंघल, पूर्वा डाणी, शिखरानी अग्रवाल, जयश्री बंसल, सोनल गर्ग, ऊषा गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महामंत्री केदार गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को अमावस्या के अवसर पर सुबह 5.15 बजे मंगला आरती के बाद दिनभर पूजा, धोक एवं जात का आयोजन होगा। दोपहर 2 बजे गर्ग परिवार की ओर से मंगलपाठ होगा, जिसमें गंगा गर्ग एवं शशि गोयल संगीतमय मंगलपाठ प्रस्तुत करेंगी। वहीं दो दिवसीय दादी मेले में झूले, चकरी, मनिहारी एवं सजावटी सामान की दुकानें भी लगाई गई हैं।