1.52 करोड़ की लागत से बना अटल गौरव पथ, कुछ ही समय में टूटी रपट की मुंडेरें; मेले से पहले मरम्मत की जरुरी

मेला मैदान में एक माह बाद जुटेगी हजारों लोगों की भीड़, मुक्तिधाम के पास क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार से राहगीरों और वाहन चालकों को हादसे का अंदेशा

संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी।स्मार्ट हलचल|कस्बे में यातायात व्यवस्था सुधारने और बाजार को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से करीब 1.52 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया अटल गौरव पथ अब अपनी निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में है। मेला मैदान में मुक्तिधाम के पास स्थित रपट की मुंडेरें निर्माण के कुछ समय बाद ही क्षतिग्रस्त होकर टूट गई हैं। रपट के किनारे बनी सुरक्षा दीवार का इस तरह टूटना राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का संकेत है। खास बात यह है कि करीब एक माह बाद इसी मेला मैदान में मेला आयोजित होगा। उस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, दुकानदारों, ग्रामीणों और वाहन चालकों की आवाजाही रहेगी। ऐसे में टूटी मुंडेरें दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।

मेले में बढ़ेगी आवाजाही, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

अटल गौरव पथ पर यातायात शुरू हो चुका है और मार्ग पर एलईडी लाइट लगाने के लिए पोल भी खड़े किए गए हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन वाहन गुजर रहे हैं। मेला आयोजन के दौरान आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ने की संभावना है। ऐसे में रपट की टूटी मुंडेरों के पास किसी वाहन चालक की छोटी-सी चूक भी बड़े हादसे का रूप ले सकती है। रात के समय और अधिक सावधानी की जरूरत रहेगी।

ग्रामीणों का कहना है कि जब मार्ग का निर्माण हाल ही में हुआ है तो रपट की मुंडेरें इतनी जल्दी कैसे क्षतिग्रस्त हो गईं? क्या निर्माण के दौरान गुणवत्ता और मजबूती के निर्धारित मापदंडों का पूरा ध्यान रखा गया था? इन सवालों का जवाब संबंधित विभाग को देना चाहिए। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से क्षतिग्रस्त मुंडेरों की गुणवत्ता के साथ मरम्मत कराने और मेले से पहले पूरे सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने की मांग की है।

830 मीटर लंबा और 7 मीटर चौड़ा है बायपास

गौरतलब है कि अटल गौरव पथ परियोजना के तहत मेला मैदान बायपास का निर्माण करीब 1.52 करोड़ रुपए की लागत से कराया गया। इस मार्ग की लंबाई लगभग 830 मीटर और चौड़ाई 7 मीटर रखी गई है। मार्ग पर रपट के निर्माण में 1000 एमएम के 18 पाइप लगाए गए हैं। यह मार्ग तेजाजी चौक से मनोहरथाना मार्ग स्थित पुलिया तक पहुंचता है और पुराने थाने के सामने से विजय चौक की ओर संपर्क उपलब्ध कराता है। इसके बनने से छीपाबड़ौद और मनोहरथाना मार्ग के बीच सीधा आवागमन आसान हुआ है।

इस बायपास का मुख्य उद्देश्य कस्बे के व्यस्त बाजार और विवेकानंद सर्किल पर यातायात का दबाव कम करना था। त्योहारों और विशेष आयोजनों के दौरान भारी तथा लोडिंग वाहनों को बाजार के भीतर से गुजरने के बजाय मेला मैदान बायपास से निकालने की सुविधा भी विकसित की गई। बारिश के दौरान आवागमन बाधित होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद भी इस परियोजना से जुड़ी है।

विकास के साथ सुरक्षा की जिम्मेदारी भी जरूरी

अटल गौरव पथ कस्बे के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बनकर सामने आया है, लेकिन निर्माण के कुछ समय बाद ही रपट की मुंडेरों का टूटना विभागीय निगरानी और निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े करता है। यदि समय रहते इनकी मरम्मत नहीं हुई तो मेले के दौरान यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। ग्रामीणों की मांग है कि पीडब्ल्यूडी विभाग मौके का निरीक्षण करे, टूटे हिस्सों की मरम्मत कराए और यह भी सुनिश्चित करे कि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।

अब सवाल यह है कि जब मेले के आयोजन में महज एक माह शेष है, तो क्या पीडब्ल्यूडी विभाग समय रहते रपट की टूटी मुंडेरों को दुरुस्त कर पाएगा? या फिर मेले में आने-जाने वाले लोगों को इसी असुरक्षित रास्ते से गुजरना पड़ेगा?

इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्शन छबड़ा सुनील सोनी ने बताया कि रपट की क्षतिग्रस्त मुंडेर को शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा। विभाग की ओर से मरम्मत करवाकर समस्या का समाधान किया जाएगा, ताकि मेले के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।